विज्ञापन
This Article is From Jul 11, 2015

विम्बलडन फ़ाइनल से पहले दावों से बच रहे हैं फ़ेडरर और जोकोविच

विम्बलडन फ़ाइनल से पहले दावों से बच रहे हैं फ़ेडरर और जोकोविच
बायीं ओर नोवाक जोकोविक और दायीं ओर रोजर फेडरर (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: विम्बलडन के पुरुष सिंगल्स फ़ाइनल में रविवार को 17 ग्रैंड स्लैम विजेता रॉजर फ़ेडरर की टक्कर वर्ल्ड नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच से होगी। फ़ेडरर ने सेमीफ़ाइनल में एंडी मरे को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई है, जबकि सर्बिया के जोकोविच ने रिचर्ड गैस्के को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई।

फ़ेडरर सात बार विम्बलडन का ख़िताब जीत चुके हैं, जबकि दो बार विंबलडन जीत चुके जोकोविच टूर्नामेंट के डिफेंडिंग चैम्पियन हैं। 33 साल के स्विस स्टार रॉजर फ़ेडरर और 28 साल के सर्बियाई सितारे के बीच किसका पलड़ा भारी है, इसे लेकर दुनिया भर में अटकलबाज़ी चल रही है।

दोनों खिलाड़ी 40वीं बार एक दूसरे के सामने होंगे। दोनों के बीच टक्कर का आंकड़ा बेहद दिलचस्प है। फ़ेडरर ने जोकोविच के ख़िलाफ़ 20, जबकि जोकोविच ने 19 मैच जीते हैं। डिफ़ेंडिंग चैम्पियन जोकोविच ने दो बार विम्बलडन का ख़िताब जीता है, तो फ़ेडरर सात बार ग्रास कोर्ट के ग्रैंड स्लैम के चैम्पियन रहे हैं।

पिछली बार जोकोविच के हाथों हुई हार को बिल्कुल नहीं भूले होंगे। फ़ेडरर से पूछे जाने पर वो कहते हैं, 'क्या मैं जोकोविच को हरा सकता हूं? ये मुझे नहीं मालूम है। यह पता करना होगा। नोवाक दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्हें हराना बेहद ख़ास होगा। मैं रविवार को उन्हें हराना चाहता हूं।'

वहीं सात ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच भी संभले हुए नज़र आ रहे हैं। जोकोविच कहते हैं, 'यहां अच्छा खेलना मेरी ज़िम्मेदारी है। विम्बल्डन का फ़ाइनल खेलना गौरव की बात है। यह दुनिया में सबसे ज़्यादा देखा जाता है। मैं फ़ाइनल में यहां पहुंचकर खुश हूं। मैं तैयार हूं।'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विम्बलडन, नोवाक जोकोविच, रॉजर फ़ेडरर, टेनिस, Wimbledon, Novak Djokovic, Roger Federer, Tennis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com