विज्ञापन
This Article is From Mar 07, 2011

न्यूजीलैंड के लिए आसान नहीं है पाक को रोक पाना

पालेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को ग्रुप-एक के मुकाबले में पाकिस्तान और न्यजीलैंड के बीच भिड़ंत होगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पालेकेले: विश्व कप के लिए खासतौर पर तैयार किए गए पालेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को ग्रुप-एक के मुकाबले में पाकिस्तान और न्यजीलैंड के बीच भिड़ंत होगी। लगातार तीन जीत के साथ तालिका में शीर्ष पर चल रही पाक टीम को रोक पाना न्यूजीलैंड के लिए आसान नहीं होगा। यह मैच पाकिस्तान के लिए ग्रुप-ए से क्वार्टरफाइनल की सीट सुरक्षित करा देगा। तीन मैचों में जीत हासिल करके उसने अब तक छह अंक हासिल किए हैं। नेट रन रेट में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया बेशक उससे बेहतर स्थिति में हैं लेकिन अंकों के आधार पर पाकिस्तान उनसे बीस है। पाकिस्तान ने अपने अभियान की शुरुआत केन्या के साथ खेलते हुए की थी। उसने वह मैच 205 रनों से जीता था। इसके बाद उसने श्रीलंका को हराया था। मेजबान टीम के साथ उसकी भिड़ंत काफी रोचक थी लेकिन इसके बावजूद उसने 11 रनों से जीत हासिल की थी। अपने तीसरे मैच में पाकिस्तान ने कनाडा को 46 रनों से मात दी थी। बल्लेबाजी के लिहाज से यह मैच पाकिस्तान के लिए अच्छा नहीं था लेकिन कप्तान शाहिद अफरीदी के नेतृत्व में गेंदबाजों ने बेहतरीन खेल दिखाया और 184 रन बनाने के बावजूद 46 रनों से अंतर से मैच जीता। अफरीदी ने उस मैच में पांच विकेट लिए थे। वह विश्व कप में अब तक कुल 14 विकेट ले चुके हैं। केन्या के खिलाफ उनके खाते में पांच विकेट दर्ज हुए थे जबकि श्रीलंका के खिलाफ अफरीदी ने शानदार नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए चार विकेट लिए थे। वह विश्व कप में लगातार तीन मौकों पर चार या उससे अधिक विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज हैं। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने केन्या को 10 विकेट से हराकर अपना अभियान शुरू किया था लेकिन दूसरे मैच में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों सात विकेट से करारी मात मिली थी। इसकी भरपाई उसने अपने तीसरे मैच में जिम्बाब्वे को 10 विकेट से हराकर की। इस विश्व कप में ग्रुप-ए में न्यूजीलैंड की किसी मजबूत टीम के खिलाफ यह दूसरी भिड़ंत है। ऑस्ट्रेलिया के साथ हुई भिड़ंत में डेनियल विटोरी की टीम फेल हो गई थी लेकिन उसका प्रयास मंगलवार को पाकिस्तान के हराकर तालिका में कम से कम दूसरा स्थान हासिल करना होगा। इसके लिए उसे हालांकि जीत हासिल करने के साथ-साथ बड़ा स्कोर भी खड़ा करना होगा क्योंकि अगर उसे अपना नेट रन रेट श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया से बेहतर करना है तो यही एक रास्ता बचता है। इस मैच से पहले दोनों टीमों के बीच न्यूजीलैंड में द्विपक्षीय श्रृंखला के अंतर्गत भिड़ंत हुई थी जिसमें पाकिस्तान ने बाजी मारी थी। इस लिहाज से इस मैच में पाकिस्तान का पलड़ा भारी है। वैसे भी पाकिस्तान की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए अपने तीनों मैच जीते हैं। इसमें से एक मैच श्रीलंका के खिलाफ हुआ है, जिसे खिताब का दावेदार माना जा रहा है। कीवी टीम ने हाल के दिनों में एकदिवसीय मैचों में काफी खराब प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया के हाथों चैपल-हेडली ट्रॉफी गंवाने से पहले उसे भारत और बांग्लादेश के हाथों बुरी तरह पटखनी खानी पड़ी थी। इस कारण कीवी टीम को एक बड़ी टीम के खिलाफ एक महत्वपूर्ण जीत हासिल करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। वैसे भी तीन जीत के साथ पाकिस्तान का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। श्रीलंका को हराने के बाद यह टीम ऑस्ट्रेलिया को भी पटखनी देने की तैयारी में है। क्वार्टरफाइनल में पहुंचना उसका पहला लक्ष्य है और इस राह में न्यूजीलैंड उसके लिए किसी तरह की मुश्किल खड़ी करता नहीं दिखता।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
न्यूजीलैंड, पाक
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com