विज्ञापन
This Article is From Mar 04, 2011

ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ रोकना चाहेगा श्रीलंका

विश्वकप में शुक्रवार को खेले गए एकतरफा मैचों के बाद शनिवार को एक ऐसा मुकाबला खेला जाना है, जिसमें दो टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने के आसार हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलम्बो: आईसीसी विश्व कप-2011 के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए दो एकतरफा मुकाबलों के बाद शनिवार को एक ऐसा मुकाबला खेला जाना है, जिसमें दो टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने के आसार हैं। दिन-रात के इस मुकाबले में प्रेमदासा स्टेडियम में चार बार का चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया मेजबान श्रीलंका से भिड़ेगा। ग्रुप-ए के इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद है क्योंकि दोनों को ही खिताब का दावेदार माना जा रहा है। श्रीलंका बेशक पाकिस्तान के खिलाफ अपना एक मैच हार गया है लेकिन इसके बावजूद उसकी दावेदारी कम नहीं हुई है। इसका सबूत श्रीलंका ने केन्या को एक मार्च को हराकर दिया है। उसने केन्या को एकतरफा मुकाबले में नौ विकेट से हराया था। पाकिस्तान ने उस पर 11 रन की रोमांचत जीत हासिल की थी लेकिन उससे पहले श्रीलंका ने अपने ग्रुप की सबसे कमजोर टीम कनाडा को 210 रनों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी थी। ऑस्ट्रेलिया इस मुकाबले को हर हाल में जीतकर अजेय स्थिति बनाए रखना चाहेगा। उसने अब तक खेले गए दो मुकाबलों में जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को 91 रनों से हराने के बाद न्यूजीलैंड को 206 रनों के विशाल अंतर से हराया था। जैसा कि बुधवार को आयरलैंड और इंग्लैंड तथा शुक्रवार को बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मुकाबले से साफ है, आंकड़े किसी टीम को मैच नहीं जिता सकते। जीत उसी की होती है, जो मैच के दिन अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करता है। इस लिहाज से दोनों टीमें अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगी। दोनों टीमों में दम है। ऑस्ट्रेलिया जहां मौजूदा चैम्पियन के लिहाज से अपना दमखम दिखाएगा वहीं श्रीलंकाई टीम 2007 विश्व कप के फाइनल में मिली हार का हिसाब चुकाने के लिए मैदान में उतरेगी।टीमें इस प्रकार हैं : ऑस्ट्रेलिया : रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क, कैलम फग्र्यूसन, ब्रैड हैडिन, जॉन हेस्टिंग्स, डेविड हसी, मिशेल जानसन, जेसन क्रेजा, ब्रेट ली, टिम पेन, स्टीवन स्मिथ, शॉन टेट, शेन वॉटसन और कैमरन व्हाइट।श्रीलंका : कुमार संगकारा, माहेला जयवर्धने, तिलकरत्ने दिलशान, दिलहारा फर्नाडो, रंगना हेराथ, चमारा कापूगेडारा, नुवान कुलसेकरा, लसिथ मलिंगा, एंजेलो मैथ्यूज, अजंथा मेंडिस, मुथैया मुरलीधरन, थिसारा परेरा, थिलन समरवीरा, चमारा सिल्वा और उपुल थरंगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ऑस्ट्रेलिया, विजय रथ, श्रीलंका
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com