तायबू ने अपनी बल्लेबाजी में लगातार सुधार का श्रेय सौरव गांगुली को दिया जिनसे उन्होंने आईपीएल लीग के दौरान महत्वपूर्ण टिप्स लिए थे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नागपुर:
जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज तातैंडा तायबू ने अपनी बल्लेबाजी में लगातार सुधार का श्रेय पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को दिया जिनसे उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान महत्वपूर्ण टिप्स लिये थे। तायबू आईपीएल के पहले सत्र में कोलकाता नाइटराइडर्स की तरफ खेल चुके हैं और इस दौरान उन्हें गांगुली और आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग के साथ समय बिताने का मौका मिला था। छोटे कद के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने विश्व कप में सोमवार को कनाडा के खिलाफ 98 रन की शानदार पारी खेलने के बाद कहा कि इन दोनों से मिली सीख के कारण उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद मिली। तायबू ने जिम्बाब्वे की 175 रन की जीत के बाद कहा, सौरव गांगुली और रिकी पोंटिंग जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम में एक साथ रहना बहुत अच्छा अनुभव था। मैंने उनसे इस खेल के बारे में काफी कुछ सीखा। मैंने उनसे टिप्स लिये और इससे मुझे खिलाड़ी के तौर पर सुधार करने में मदद मिली। उन्होंने कहा, रन बनाना हमेशा जिम्मेदारी रही है। हम भाग्यशाली रहे कि हमने बीच के ओवरों में गेंद को सीमा रेखा पार भेजा। मैं रेमंड प्राइस और प्रास्पर उत्सेया का बड़ा प्रशंसक हूं और उनकी गेंदबाजी पर विकेटकीपिंग करने का भरपूर मजा लेता हूं। जिम्बाब्वे के कप्तान एल्टन चिंगुबुरा ने कहा कि उनकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच सकती है। उन्होंने कहा, हम अब भी अगले दौर की दौड़ में हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच काफी महत्वपूर्ण होगा। क्रेग :इर्विन: और तातेंडा ने हमें मैच में वापसी दिलायी और हमारी गेंदबाजी शानदार रही। अगला मैच काफी महत्वपूर्ण है और उसमें हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। कनाडा के कप्तान आशीष बगई ने स्वीकार किया कि उनकी टीम अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रही। उन्होंने कहा, हमने अच्छी शुरुआत की और शुरू में ही उनके दो विकेट निकाल दिये लेकिन इसके बाद सही लाइन और लेंथ से गेंदबाजी नहीं कर पाये। फिर मैं अपनी गेंदबाजी से निराश नहीं हूं क्योंकि जब तायबू और इर्विन खेल रहे थे तब लग रहा था कि 325 रन का स्कोर बन जाएगा लेकिन हम उन्हें 298 पर रोकने में सफल रहे।