द.अफ्रीका ने बांग्लादेश को 206 रनों से हरा दिया। अफ्रीका की इसी जीत के साथ ही भारत ने क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बना ली है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मीरपुर:
द.अफ्रीका ने बांग्लादेश को 206 रनों से हरा दिया। अफ्रीका की इसी जीत के साथ ही भारत ने क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बना ली है। द. अफ्रीका की जीत का फ़ायदा इंग्लैंड को भी मिला है। इंग्लैंड ने भी भारत की तरह आखिरी आठ टीमों में अपनी जगह पक्की कर ली। शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए अंतिम लीग मुकाबले में सह मेजबान बांग्लादेश को द अफ्रीका ने 206 रनों के भारी अंतर से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका द्वारा दिए गए 285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की पूरी टीम 28 ओवरों में 78 रन बनाकर ढेर हो गई। बांग्लादेश की ओर से कप्तान शाकिब अल हसन ने सर्वाधिक 30 रन बनाए जबकि उसके नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। 285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल 14 रन के योग पर पेवेलियन लौट गए। लोनावाबो सोत्सोबे की गेंद पर मोर्ने वैन विक को कैच थमाने से पहले तमीम ने 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाए। तमीम के आउट होने के बाद इमरुल कायेस भी चलते बने। सोत्सोबे की गेंद पर बोल्ड होने से पहले कायेस ने चार रन बनाए थे। जुनैद सिद्दीकी दो रन के निजी योग पर जोहान बोथा की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। शहरयार नफीस पांच रन बनाकर चलते बने। नफीस को सोत्सोबे ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई। मुशफिकुर रहीम तीन रन, महमुदुल्लाह पांच रन और कप्तान शाकिब अल हसन 30 रन बनाकर आउट हुए जबकि शैफुल इस्लाम और अब्दुर रज्जाक बिना खाता खोले पेवेलियन लौटे। नईम इस्लाम आठ रन बनाकर आउट हुए जबकि रुबेल हुसैन आठ रन पर नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से रोबिन पीटरसन ने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि सोत्सोबे ने तीन विकेट चटकाए वहीं एक-एक विकेट बोथा और इमरान ताहिर के खाते में गया। इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 284 रन बनाए जिसमें जैक्स कैलिस के 69 रन, हाशिम अमला के 51 रन और फाफ ड्यू प्लेसिस के 52 रन शामिल थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी रही और उसके सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। कप्तान ग्रीम स्मिथ ने 68 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। स्मिथ को महमुदुल्लाह की गेंद पर मुशफिकुर ने स्टम्प आउट किया। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हाशिम अमला ने 59 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 51 रन बनाए। अमला को रज्जाक ने बोल्ड किया। ज्यां पॉल ड्यूमिनी 17 रन के निजी योग पर रुबेल हुसैन की गेंद पर मुशफिकुर के हाथों कैच आउट हो गए। ड्यूमिनी ने कैलिस के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 34 रन जोड़े। हरफनमौला कैलिस ने 76 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 69 रनों की पारी खेली। कैलिस ने ड्यू प्लेसिस के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 82 रन जोड़े। मोर्ने वैन विक ने पांच रन का योगदान दिया। ड्यू प्लेसिस ने 52 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया। जोहान बोथा ने 12 रन बनाए जबकि वायने पर्नेल बिना कोई रन बनाए रन आउट हुए। पीटरसन (22) और सोत्सोबे (4) नाबाद लौटे। बांग्लादेश की ओर से रुबेल ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि शाकिब ने दो विकेट चटकाए वहीं रज्जाक और महमुदुल्लाह के खाते में एक-एक विकेट गया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश, विश्व कप, मैच