विज्ञापन
This Article is From Apr 02, 2015

सेरेना विलियम्स ने मारी जीत की सातवीं सेंचुरी

सेरेना विलियम्स ने मारी जीत की सातवीं सेंचुरी
सेरेना विलियम्स की फाईल फोटो
नई दिल्ली:

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के बारे में सर डॉन ब्रैडमेन ने कहा था, "आप क्रिकेट में रन बनाने की स्पीड से गोल करते हैं।" सर डॉन ब्रैडमैन होते तो आज सेरेना विलियम्स के बारे में शायद कुछ ऐसा ही कहते। सिंगल्स की 19 ग्रैंड स्लैम विजेता और वर्ल्ड नंबर-1 सेरेना विलियम्स ने जर्मनी की सबीन लिसिकी को मायामी ओपन में 7-6, 1-6, 6-3 से हराकर टेनिस में 700वीं जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट के सेमीफ़ाइनल में भी जगह बना ली। टेनिस करियर में 700वीं जीत के बाद 33 साल की सेरेना विलियम्स ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि ये उनकी सात सौवीं जीत है। लेकिन इसके बाद उन्होंने केक काटकर इसका जश्न मनाया और फ़ैन्स के लिए तस्वीरें भी ख़िंचवाईं।

लगातार 19 मैच जीत चुकीं सेरेना ज़बरदस्त फ़ॉर्म में हैं। अगर वो मायामी में जीत जाती हैं तो यहां ये उनका आठवां ख़िताब होगा। यही नहीं मायामी ओपन में ये उनका लगातार तीसरा ख़िताब भी होगा। मौजूदा ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन सेरेना ने पिछले साल छठी बार यूएस ओपन का ख़िताब अपने नाम किया और इस बार अगले कुछ महीनों में फ़्रेंच ओपन और विंबलडन की मज़बूत दावेदारी पेश करती वह नज़र आएंगी।

वैसे सेरेना विलियम्स डब्ल्यूटीए के इतिहास में आठवीं ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 700 मैच जीते हैं। इस एलीट लिस्ट में मार्टिना नावरातिलोवा 1442 जीत के साथ सबसे आगे हैं। 700 जीत के बाद भी सेरेना की जीत की भूख कम नहीं हुई है। वो कहती हैं कि वो सकारात्मक रहकर जितना हो सके जीत हासिल करती रहना चाहती हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सेरेना विलियम्स, सबीन लिसिकी, मायामी ओपन, सर डॉन ब्रैडमेन, Serena Williams, Sabin Lisiki, Miyami Open, Don Bradman
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com