विज्ञापन
This Article is From Apr 09, 2015

फ़िक्र की बात नहीं, साइना नेहवाल फिर बन जाएंगी वर्ल्ड नंबर 1 : विमल कुमार

फ़िक्र की बात नहीं, साइना नेहवाल फिर बन जाएंगी वर्ल्ड नंबर 1 : विमल कुमार
साइना नेहवाल की फाइल फोटो
नई दिल्‍ली:

साइना नेहवाल के आधिकारिक तौर पर वर्ल्ड नंबर 1 से वर्ल्ड नंबर 2 पर पहुंचने की ख़बर आई तो कोच यू. विमल कुमार बेंगलुरु में साइना नेहवाल और दूसरे खिलाड़ियों की ट्रेनिंग में मशगूल थे। साइना पहले ही कह चुकी हैं कि वर्ल्ड नंबर 1 या वर्ल्ड नंबर 2 बनने से उन्हें बहुत फ़र्क नहीं पड़ता। वो कहती रही हैं कि पिछले पांच साल से वो टॉप टेन खिलाड़ियों में शामिल हैं ये उनके लिए बहुत अहम है।

कोच विमल कुमार इस बात से बेहद खुश हैं कि उनकी अगुवाई में उनकी खिलाड़ी साइना नेहवाल वर्ल्ड नंबर 1 बनने में कामयाब रहीं। वो हंसते हुए कहते हैं कि मौजूदा रैंकिंग को लेकर वो बहुत फ़िक्रमंद नहीं हैं। वो मानते हैं कि टॉप चार-पांच खिलाड़ियों में बराबर बने रहना ज़्यादा ज़रूरी है। वरना मुमकिन है कि साइना को पहले ही राउंड में किसी बड़े टूर्नामेंट में टॉप खिलाड़ी से टकराना पड़ जाए।

विमल कहते हैं कि रैंकिंग अहम है, लेकिन टॉप पर पहुंचने से ज़्यादा ज़रूरी है कंसिसटेंट परफॉर्मेंस यानी लगातार बेहतर प्रदर्शन करना। वो मानते हैं कि अगर साइना लगातार अच्छा प्रदर्शन करती हैं तो टॉप रैंकिंग पर बने रहना भी कोई मुश्किल बात नहीं होगी।

गुरुवार को वर्ल्ड बैडमिंटन रैकिंग का ऐलान हुआ उस वक्त कोच विमल कुमार, ओलिंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल और दूसरे खिलाड़ी बेंगलुरु प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी में ट्रेनिंगमें जुटे रहे। इस ख़बर को लेकर ट्रेनिंग के दौरान कोई हलचल नहीं हुई। उन्हें इस बात का अंदाज़ा वैसे भी पहले हो चुका था। खिलाड़ियों की नज़र सिंगापुर ओपन में एचएस प्रणॉय और पी कश्यप के मैच के नतीजों पर ज़रूर बनी हुई थी। क्वार्टरफ़ाइनल में एचएस प्रणॉय और पी कश्यप की जीत से यहां भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ता नज़र आया।

नई वर्ल्ड रैंकिंग में के श्रीकांत चौथे और एचएस प्रणॉय चौदहवें नंबर पर बने हुए हैं जबकि पी कश्यप को दो पायदान का फ़ायदा हुआ है और वो 17वें से 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा अजय जयराम 36वें और बी साई प्रणीत 37वें नंबर पर हैं। महिला सिंगल्स रैंकिंग में साइना दूसरे नंबर पर हैं जबकि पीवी सिंधु नौवें नंबर पर।

महिला सिंगल्स में इसके बाद पीसी तुलसी का नंबर आता है जो 39वें से 40वें नंबर पर पहुंच गई हैं। महिला डबल्स में कॉमनवेल्थ खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को एक पायदान का फ़ायदा हुआ है जो 19वें से 18वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

विमल कहते हैं कि इसे लेकर अब फ़िक्र की ज़रूरत नहीं है। वो कहते हैं, 'अब साइना और दूसरी खिलाड़ियों के बीच ये रेस चलती रहेगी। इस हफ्ते ली ज़ुएरेई पहले और साइना दूसरे नंबर पर हैं तो अगले हफ़्ते साइना फिर से नंबर वन बन जाएंगी और ज़ुएरेई नीचे ख़िसक जाएंगी।'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
साइना नेहवाल, बैडमिंटन चैंपियन, वर्ल्‍ड नंबर वन, विमल कुमार, Saina Nehwal, Vimal Kumar, World Number One
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com