साइना नेहवाल मलेशिया ओपन सुपर सीरीज़ के सेमीफ़ाइनल में हार गई हैं। उन्हें शीर्ष वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़़ी ली जुरई ने करीब एक घंटे तक चले मुक़ाबले में 13-21, 21-17, 22-20 से हराया।
साइना नेहवाल ने पहला गेम बड़ी आसानी से जीत लिया, लेकिन दूसरे गेम से ली जुरई ने मैच में शानदार वापसी की।
साइना नेहवाल ने बीते सप्ताह इंडिया ओपन बैडमिंटन का खिताब जीतने के साथ ही वर्ल्ड नंबर वन रैंकिंग पर कब्जा जमाया था। लेकिन मलेशिया सुपर सीरीज़ सेमीफ़ाइनल में उनकी हार से यह तय हो गया कि बैडमिंटन की नई रैंकिंग में वे एक बार फिर ली जुरई से पिछड़ जाएंगी।
साइना से पहले ली जुरई वर्ल्ड नंबर वन बैडमिंटन खिलाड़ी थीं। इंडिया ओपन में उनके हिस्सा नहीं लेने के चलते साइना नंबर वन पायदान हथियाने में कामयाब हुई थीं, लेकिन वे ज्यादा दिनों तक इस पर काबिज नहीं रह सकीं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं