विज्ञापन
This Article is From Aug 20, 2016

घायल साइना की घुटने की सर्जरी हुई, चार महीने तक रहना पड़ सकता है बैडमिंटन कोर्ट से दूर

घायल साइना की घुटने की सर्जरी हुई, चार महीने तक रहना पड़ सकता है बैडमिंटन कोर्ट से दूर
पूर्व विश्व नंबर एक साइना ग्रुप दौर में ही हारकर रियो ओलिंपिक से बाहर हो गई थी.
हैदराबाद: मुंबई के एक अस्पताल में घुटने की सर्जरी कराने वाली साइना नेहवाल को अगले चार महीनों तक बैडमिंटन कोर्ट से बाहर रहना पड़ सकता है, जिसे भारत की इस स्टार खिलाड़ी के लिए बड़ा झटका माना जा सकता है.

साइना के पिता हरवीर सिंह ने कहा कि सर्जरी करने वाले डॉक्टरों ने उसे तीन से चार महीनों तक आराम करने की सलाह दी है. सिंह ने कहा, 'हम लोगों ने (कोकिलाबेन धीरभाई अंबानी अस्पताल) के डॉक्टरों से आग्रह किया है कि वे हमें हैदराबाद जाने इजाजत दें, ताकि हम लोग वहां मेडिकल फॉलोअप करा सके. अन्यथा वह अगले चार महीने तक जा नहीं पाएगी.' बिल्कुल स्पष्ट तौर पर पूछे जाने पर कि साइना चार महीने तक खेलों से बाहर रहेगी यानी अगले साल जनवरी में ही वापस लौटेगी तो उन्होंने कहा, 'हां. यह निश्चित तौर पर उसके लिए बड़ा झटका है. यह इस बात पर निर्भर करता है कि कितनी तेजी से उसके चोट में सुधार आता है.'

सिंह ने कहा कि सर्जरी शुक्रवार को हुई और चूंकि वे अस्पताल में थे और डाक्टरों के साथ व्यस्त थे, ऐसे में टीवी पर पीवी सिंधु का फाइनल मैच नहीं देख सके. उन्होंने कहा, 'हम लोग नहीं देख पाये. अखबारों के जरिये हमें मालूम चला कि उसने (सिंधु) ने अच्छा खेल दिखाया. यह बहुत शानदार है कि हैदराबाद से ही एक कांस्य पदक विजेता (लंदन ओलंपिक में साइना) और एक रजत पदक विजेता (सिंधु) है.' सिंह ने कहा, 'यह शानदार है कि एक ही शहर और एक ही एकेडमी (गोपीचंद) की दो लड़कियां ने ओलंपिक में पदक हासिल किए.'

पूर्व विश्व नंबर एक साइना ग्रुप दौर में ही हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई थी.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
साइना नेहवाल, बैडमिंटन, साइन की सर्जरी, हरवीर सिंह, रियो ओलिंपिक 2016, Saina Nehwal, Badminton, Rio Olympics 2016
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com