विज्ञापन
This Article is From Aug 14, 2016

रियो (शूटिंग) : चैन सिंह और गगन नारंग 50मी राइफल थ्री-पोजिशन्स के फाइनल में नहीं पहुंच सके

रियो (शूटिंग) : चैन सिंह और गगन नारंग 50मी राइफल थ्री-पोजिशन्स के फाइनल में नहीं पहुंच सके
गगन नारंग (फाइल फोटो)
  • गगन नारंग ने कुल 1162 के स्कोर के साथ 33वां स्थान हासिल किया
  • चैन सिंह ने 1169 का स्कोर किया और 23वें स्थान पर रहे
  • रियो से पहले नारंग तीन ओलिंपिक में भाग ले चुके हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: शूटिंग में भारत को अभिनव बिंद्रा, जीतू राय, गगन नारंग, मैराज अहमद और चैन सिंह जैसे सितारों से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन कोई भी उन पर खरा नहीं उतर सका. रविवार को गगन नारंग और चैन सिंह के पास शूटिंग की 50 मीटर रायफल थ्री-पोजिशन्स स्पर्धा में दम दिखाने का मौका था, लेकिन वह फाइनल के लिए क्वालिफाई ही नहीं कर सके. मुकाबले में नारंग ने नीलिंग, प्रोन और स्टैंडिंग राउंड के बाद क्रमशः 383, 395 और 384 अंक हासिल किए और सूची 33वें स्थान पर रहे, जबकि चैन सिंह ने नीलिंग में 391, प्रोन में 398 और स्टैंडिंग में 380 अंक लेकर तालिका में 23वां स्थान हासिल किया.

50 मीटर रायफल थ्री-पोजिशन्स में स्टैंडिंग (खड़े होकर), नीलिंग (घुटने के बल बैठकर) और प्रोन (आर्मी जवानों जैसे लेटकर) स्थितियों में निशाना लगाया जाता है. इससे पहले गगन नारंग और चैन सिंह वह 10 मीटर एयर रायफल, 50 मीटर रायफल प्रोन में विफल रहे थे.

चैन सिंह ने नीलिंग स्टेज में (98,95,99,99) 391 का स्कोर किया, हालांकि प्रोन स्टेज में उन्होंने अच्छी वापसी की और (100,100,100,98) स्टेज का सर्वश्रेष्ठ 398 का स्कोर हासिल कर एक समय पांचवें स्थान पर पहुंच गए, लेकिन स्टैंडिंग स्टेज में उनका प्रदर्शन गिर गया और वह (95,94,96,95) सिर्फ 380 का स्कोर कर सके.

वहीं नारंग का नीलिंग स्टेज में प्रदर्शन खास नहीं रहा और वह (97,97,96,93) सिर्फ 383 का स्कोर कर सके. नारंग ने भी प्रोन स्टेज में वापसी की और (99,99,99,98) 395 का स्कोर कर उम्मीद जगाई, लेकिन स्टैंडिंग स्टेज में फिर से उन्हें निराश किया और (98,93,95,98) 384 का स्कोर ही कर सके.

रियो में चैन सिंह का सफर
चैन सिंह रियो ओलिंपिक के सातवें दिन शुक्रवार को 50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट के फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाए थे. उन्हें 36वां स्थान हासिल हुआ. चैन सिंह के कुल 619.6 अंक रहे. चैन सिंह ने शुरुआत तो अच्छी की थी और पहले राउंड में 104.1 का स्कोर किया, लेकिन दूसरे राउंड में वह ध्यान केंद्रित नहीं कर सके और सिर्फ 101 का स्कोर हासिल कर पाए. चैन सिंह का सर्वश्रेष्ठ तीसरे राउंड में आया, जब उन्होंने 104.4 अंक हासिल किया. चौथे राउंड में चैन सिंह ने 102.4 अंक हासिल किए, लेकिन पांचवें और छठें राउंड में वह 103.9 और 103.8 का स्कोर ही कर पाए और बाहर हो गए.

नारंग का रियो में अब तक का सफर
गगन नारंग सातवें दिन शुक्रवार को 50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट के फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाए थे. ओलिंपिक शूटिंग सेंटर में हुए क्वालिफिकेशन राउंड में नारंग ने 13वां स्थान हासिल किया था. उन्होंने कुल 623.1 अंक हासिल किए थे. इससे पहले 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में जहां अभिनव बिंद्रा ने फाइनल में स्‍थान बना लिया था, वहीं लंदन ओलिंपिक के ब्रांज मेडलिस्‍ट गगन नारंग मुकाबले से बाहर हो गए थे. वह निराशाजनक 23वें स्‍थान पर रहे थे.

गगन का ओलिंपिक सफर
रियो से पहले नारंग तीन ओलिंपिक में भाग ले चुके हैं. पहली बार वह एथेन्स ओलिंपिक, 2004 में गए थे, लेकिन कुछ नहीं कर पाए. नारंग को अपने तीसरे ओलिंपिक में सफलता मिली. यह थे, लंदन ओलिंपिक गेम्स 2012. नारंग ने इसमें देश को 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल दिलाकर प्रसिद्धि पाई थी. गौरतलब है कि इसी ओलिंपिक में अभिनव बिंद्रा बाहर हो गए थे और देश निराश था, क्योंकि बिद्रा से अधिक उम्मीद थी.

नई दिल्ली में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स, 2010 में देश को 4 गोल्ड मेडल दिलाने वाले नारंग को खेलों का सर्वोच्च अवॉर्ड राजीव गांधी खेल रत्न, 2010 मिला है. इसके साथ ही उन्हें पद्मश्री, 2011 से भी नवाजा जा चुका है. नारंग ने एक पुस्तक 'माय ओलिंपिक जर्नी' भी लिखी है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गगन नारंग, रियो ओलिंपिक 2016, रियो ओलिंपिक, ओलिंपिक, शूटिंग, 50 मी राइफल थ्री-पोजिशन्स, Gagan Narang, Rio Olympics 2016, Rio Olympics, Olympics, Shooting, 50 M Rifle Three Positions, चैन सिंह, Chain Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com