विज्ञापन
This Article is From Aug 13, 2016

रियो ओलिंपिक : गुमनाम तैराक स्कूलिंग ने 'गोल्डमैन' माइकल फेल्प्स का विजय रथ रोका, जीता स्वर्ण

रियो ओलिंपिक : गुमनाम तैराक स्कूलिंग ने 'गोल्डमैन' माइकल फेल्प्स का विजय रथ रोका, जीता स्वर्ण
जोसेफ स्कूलिंग ने फेल्प्स को लगातार चौथा स्वर्ण जीतने से रोक दिया (फोटो: AFP)
रियो डि जेनेरो: सिंगापुर के जोसेफ स्कूलिंग ने 100 मीटर बटरफ्लाय तैराकी में तरणताल के शहंशाह माइकल फेल्प्स को हराकर बड़ा उलटफेर करने के साथ ही अपने देश को ओलिंपिक में पहला स्वर्ण पदक दिलाया.

21 साल के एशियाई चैंपियन स्कूलिंग ने इस स्पर्धा में फेल्प्स को लगातार चौथा पीला तमगा नहीं जीतने दिया. उसने 50.39 सेकेंड के ओलिंपिक रिकॉर्ड के साथ जीत दर्ज की. फेल्प्स, हंगरी के लाज्लो सेक और दक्षिण अफ्रीका के चोड ले क्लोस 51.14 सेकंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रहे.

फेल्प्स अगर यह मुकाबला जीत जाते तो यह उनका 14वां ओलंपिक व्यक्तिगत खिताब होता. रियो ओलिंपिक में अब तक वह चार स्वर्ण (4X100 मीटर फ्रीस्टाइल, 4X200 मीटर फ्री रिले, 200 मीटर बटरफ्लाय और 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले) पदक जीत चुके हैं. अभी उन्हें 4X100 मीटर मेडले रिले में भाग लेना है.
 
स्वर्ण पदक के साथ माइकल स्कूलिंग (फोटो: AFP)

स्कूलिंग ने इस ऐतिहासिक जीत के बाद कहा, ‘‘अभी मुझे जीत का खुमार नहीं चढ़ा है. मेरे भीतर जज्बात का तूफान उमड़ रहा है. मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि मैंने सच में जीत लिया है या अभी मैं तैयारी ही कर रहा हूं.’’

इस स्पर्धा का रजत फेल्प्स के अलावा दक्षिण अफ्रीका के चाड ले क्लोस और हंगरी के लास्लो चेस्क ने जीता. फेल्प्स ने अपने करियर में तीसरा रजत जीता है. वह 22 स्वर्ण के साथ दो कांस्य भी जीत चुके हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
माइकल फेल्प्स, जोसेफ स्कूलिंग, बटरफ्लाय तैराकी, रियो ओलिंपिक 2016, रियो ओलिंपिक, Michael Phelps, Joseph Schooling, Butterfly Swimming, Rio Olympics 2016, Rio Olympics, Olympics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com