विज्ञापन
This Article is From Aug 15, 2016

रियो (बैडमिंटन) : किदाम्बि श्रीकांत पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, पदक की उम्मीद बढ़ी

रियो (बैडमिंटन) : किदाम्बि श्रीकांत पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, पदक की उम्मीद बढ़ी
श्रीकांत से देश की पदक के लिए उम्मीदें और बढ़ गई हैं (फाइल फोटो)
  • बुधवार शाम को होगा श्रीकांत का क्वार्टर फाइनल मुकाबला
  • क्वार्टर में चीन के लिन डैंग पेश करेंगे श्रीकांत के सामने चुनौती
  • प्रीक्वार्टर में श्रीकांत ने डेनमार्क के खिलाड़ी को सीधे सेटों में हराया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: भले ही साइना नेहवाल महिला बैडमिंटन के सिंगल्स से रविवार को बाहर हो गईं, लेकिन इसमें भारत की उम्मीदें अब भी कायम हैं. पुरुष सिंगल्स में 11वीं वर्ल्ड रैंकिंग वाले किदाम्बि श्रीकांत ने सोमवार को डेनमार्क के 5वीं वर्ल्ड रैंकिंग वाले जैन-ओ जॉरगेंसेन को सीधे सेटों में 21-19 और 21-19 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. अब उनका मुकाबला बुधवार को शाम लगभग 6 बजे चीन के लिन डैन से होगा..

दूसरा सेट : बीच में पीछे, अंत में आगे
दूसरे सेट में डेनमार्क के खिलाड़ी ने जोर लगाया, फिर भी श्रीकांत ने बढ़त बना ली और 3 मिनट के खेल में स्कोर 5-3 कर दिया. जल्द ही श्रीकांत ने 2 पॉइंट और हासिल करते हुए स्कोर 7-4 कर दिया, जबकि डेनमार्क के जैन-ओ को एक पॉइंट ही मिला. 8वें मिनट में जैन-ओ ने बराबरी किया. स्कोर- 8-8... इसके बाद एक पॉइंट से बढ़त (9-8) हासिल कर ली. कुछ ही देर में स्कोर 10-10 और फिर 11-11 हो गया.जैन-ओ ने 12-11 से बढ़त भी बना ली...हालांकि श्रीकांत ने पलटवार किया... स्कोर 12-12...दूसरे सेट में जैन-ओ ज्यादा आक्रामक दिखे...15वें मिनट में श्रीकांत पीछे हो गए (13-15)...फिर वापसी की..लेकिन बढ़त नहीं ले पाए (14-17)...फिर श्रीकांत ने जबर्दस्त खेल दिखाया और लगातार 3 पॉइंट लेकर स्कोर 17-17 कर लिया..और श्रीकांत 20-18 से बढ़त पर...जीत लिया...दूसरा सेट 22वें मिनट में 21-19 से श्रीकांत के नाम...क्वार्टर फाइनल में पहुंचे.

पहला सेट : कांटे की टक्कर
श्रीकांत ने पहले दो पॉइंट गंवा दिए, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए एक पॉइंट हासिल कर लिया. फिर भी जॉरगेंसेन थोड़ी देर तक 3-2 से आगे रहे. इसके बाद श्रीकांत ने स्कोर 4-4 कर दिया. इसके बाद श्रीकांत ने आक्रामक खेल दिखाया और बढ़त बना ली. डेनमार्क के खिलाड़ी ने भी टक्कर देते हुए 13-13 का स्कोर कर दिया. 15वें मिनट में श्रीकांत ने 3 अंकों की बढ़त बना ली और स्कोर 17-14 कर दिया. इसके बाद जैन-ओ ने फिर वापसी की और दो पॉइंट ले लिए. उन्होंने सर्विस ब्रेक भी किया और स्कोर 19-18 हो गया. इसके बाद श्रकांत ने डेनमार्क को वपासी का मौका नहीं दिया.

महिला वर्ग में पीवी सिंधु प्री-क्वार्टरफाइनल में आज रात अगले दौर के लिए खेलेंगी. सिंधु का मैच ताइपेइ की यिंग जू ताइ से होगा. भारत के लिए अब तक ओलिंपिक कुछ खास नहीं रहा है. हमारे कुछ खिलाड़ी तो मेडल के काफी करीब पहुंचकर 'बहुत दूर' रह गए.

ये भारतीय रहे ओलिंपिक इतिहास में चौथे स्थान पर
रियो ओलिंपिक में दीपा के अलावा चौथे स्थान पर रहकर पदक से चूकने वालों में अभिनव बिंद्रा (शूटिंग), सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना (टेनिस- मिक्स्ड डबल्स) शामिल हैं. इससे पहले पीटी उषा (लॉस एंजिलिस, ओलिंपिक) और मिल्खा सिंह (रोम ओलिंपिक, 1960 में) चौथे स्थान पर रहकर पदक से वंचित रह गए थे.

श्रीकांत : रियो में अब तक
किदाम्बि श्रीकांत ने रियो ओलिंपिक के नौवें दिन रविवार को पुरुष एकल वर्ग के अपने दूसरे ग्रुप मैच में स्वीडन के हेनरी हुरसकाईनने को मुकाबले में 21-6, 21-18 से हराया था. 11वीं रैंकिंग वाले श्रीकांत ने पहला गेम महज 13 मिनट में अपने नाम किया. हालांकि दूसरे गेम में हेनरी ने शानदार खेल दिखाया और श्रीकांत को एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा, लेकिन श्रीकांत ने 21 मिनट में जीतकर अगले दौर में जगह बना ली.

इससे पहले गुरुवार को श्रीकांत ने ग्रुप-एच के अपने पहले मैच में मेक्सिको के लिनो मुजोन को 21-11, 21-17 से हराया था. श्रीकांत ने पहला सेट 17 मिनट और दूसरा 25 मिनट में जीता था.

पीवी सिंधु : रियो का सफर
वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो बार कांस्य जीत चुकीं पीवी सिंधु को रविवार को अपना दूसरा ग्रुप मैच जीतने के लिए एक घंटा 11 मिनट तक कठिन संघर्ष करना पड़ा. सिंधु ने पहले गेम में कनाडा की मिशेल ली को कड़ी चुनौती दी और हार मानने से पहले 24 मिनट तक संघर्ष किया. इसके बाद दोनों सेट जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ-16) में जगह बना ली. सिंधु ने ली को 19-21, 21-15, 21-17 से हराया.

हालांकि पीवी सिंधु ने अपने पहले मैच में शानदार जीत दर्ज की थी. सिंधु ने हंगरी की लौरा सारोसी को सीधे गेम में 21-8, 21-9 से हराया था. ओलिंपिक में सिंधु को नौवीं रैंकिंग मिली है. उन्होंने ग्रुप-एम के अपने पहले मैच में दमदार प्रदर्शन करते हुए पहला गेम 13 मिनट में और दूसरा गेम 14 मिनट में अपने नाम किया था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
किदाम्बि श्रीकांत, पीवी सिंधु, रियो बैडमिंटन, बैडमिंटन सिंगल्स, रियो ओलिंपिक 2016, रियो ओलिंपिक, ओलिंपिक, Kidambi Srikanth, PV Sindhu, Rio Badminton, Badminton Singles, Rio Olympics 2016, Rio Olympics, Olympics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com