विज्ञापन
This Article is From Aug 15, 2016

रियो ओलिंपिक : मौजूदा चैम्पियन ब्राउन 200 मीटर स्पर्धा से बाहर

रियो ओलिंपिक : मौजूदा चैम्पियन ब्राउन 200 मीटर स्पर्धा से बाहर
रियो ओलिंपिक के लिए प्रतीकात्मक तस्वीर
रियो डी जनेरियो: लगातार दो बार से मौजूदा ओलिंपिक चैम्पियन जमैका की महिला धाविका वेरोनिका कैंपबेल ब्राउन सोमवार को रियो ओलिंपिक की 200 मीटर स्पर्धा के पहले राउंड से ही बाहर हो गईं। ओलिंपिक खेलों में सात पदक जीत चुकीं ब्राउन क्वालिफिकेशन राउंड के हीट-9 में 22.97 सेकेंड का समय निकालते हुए तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि कुल 72 प्रतिभागियों में वह 27वां स्थान हासिल कर सकीं।

कुल 24 प्रतिभागी सेमीफाइनल में प्रवेश करने में सफल रही हैं। आइवरी कोस्ट की मैरी जोसी ता लू ने 22.31 सेकेंड का समय निकालते हुए हीट स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया। अमेरिका की दीजा स्टीवेंस (22.45 सेकेंड) और टोरी बोवी (22.47 सेकेंड) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

ब्राउन के नाम एथेंस ओलिंपिक-2004 और बीजिंग ओलिंपिक-2008 में लगातार दो बार 200 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण पदक है। इसके अलावा वह एथेंस ओलिंपिक की 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस में भी स्वर्ण हासिल कर चुकी हैं।

हालांकि जमैका की दो अन्य धाविकाएं सेमीफानल में प्रवेश करने में सफल रहीं। दो दिन पहले 100 मीटर फर्राटा दौड़ का स्वर्ण जीतने वाली एलेन थॉम्पसन 22.63 सेकेंड समय के साथ नौवें स्थान पर रहीं, जबकि सिमोन फेसी 22.78 सेकेंड समय निकालते हुए 16वें स्थान के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
जमैका, वेरोनिका कैंपबेल ब्राउन, रियो ओलिंपिक, रियो ओलंपिक 2016, 200 मीटर रेस, Jamaica, Veronica Campbell Brown, Rio Olympics, Rio Olympic 2016, 200 Meter Race
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com