विज्ञापन
This Article is From Aug 13, 2016

रियो ओलिंपिक (बैडमिंटन) : अंतिम मैच भी हारीं ज्वाला-पोनप्पा

रियो ओलिंपिक (बैडमिंटन) : अंतिम मैच भी हारीं ज्वाला-पोनप्पा
ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा
रियो डी जनेरियो: भारतीय बैडमिंटन महिला जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को रियो ओलिंपिक के आठवें दिन शनिवार को महिला युगल वर्ग के अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में भी हार का सामना करना पड़ा. यह भारतीय जोड़ी की इस ओलिंपिक में लगातार तीसरी हार है.

रियो सेंटर पवेलियन-4 में खेले गए ग्रुप-ए के अपने आखिरी मुकाबले में थाईलैंड की पुटिटा सुपारिजाकुल और सैपसीरी टेराटानाकाई की जोड़ी ने ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी को 21-17, 21-15 से हराया.

ज्वाला-अश्विनी ने पहले गेम की अच्छी शुरुआत की और 7-5 से बढ़त ले ली थी, लेकिन इसके बाद पुटिटा और सैपसीरी की जोड़ी ने वापसी करते हुए 12-12 से बराबरी कर ली.

भारतीय जोड़ी ने हार नहीं मानी और लगातार तीन अंक हासिल करते हुए 15-12 से एकबार फिर बढ़त ले ली. थाईलैंड की जोड़ी ने संघर्ष जारी रखा और फिर से 15-15 से बराबरी करने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और 18-16 की बढ़त ले ली.

इस जोड़ी ने इसके बाद फिर भारतीय जोड़ी को गेम में वापस आने का मौका नहीं दिया और बढ़त कायम रखते हुए 21-17 से पहला गेम अपने नाम किया. यह गेम 21 मिनट तक चला.

पुटिटा और सैपसीरी की जोड़ी ने दूसरे गेम की भी शानदार शुरुआत की और 4-0 से भारतीय जोड़ी को पीछे कर दिया. भारतीय जोड़ी ने वापसी करने की कोशिश की और चार अंक हासिल किए लेकिन वह थाईलैंड की जोड़ी को पीछे नहीं कर पाईं.

दबाव में दिख रहीं ज्वाला और अश्विनी की कमजोरियों का पुटिटा और सैपसीरी ने फायदा उठाया और 10-5 से बड़ी बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी गेम में वापसी नहीं कर पाई और थाईलैंड की जोड़ी ने 21-15 से गेम के साथ-साथ मैच भी अपने नाम कर लिया. यह गेम 22 मिनट तक चला.

ज्वाला-अश्विनी की यह लगातार तीसरी हार है. भारतीय जोड़ी का इसके साथ ही बिना एक भी जीत हासिल किए ओलिंपिक में अभियान समाप्त हो गया. पहले मैच में भारतीय जोड़ी को जापान की मिसाकी माटसुटोमो और अयाका ताकाहाशी ने 21-15, 21-10 से मात दी थी, वहीं दूसरे मैच में ज्वाला-अश्विनी को नीदरलैंड्स की एफी मस्केंस और सेलेना पीक की जोड़ी ने 21-16, 16-21, 21-17 से मात दी थी.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ज्वाला गुट्टा, अश्विनी पोनप्पा, भारतीय बैडमिंटन, महिला जोड़ी, रियो ओलिंपिक, रियो ओलंपिक 2016, Jwala Gutta, Ashwini Ponappa, Indian Badminton, Women Doubles, Rio Olympics, Rio Olympic 2016
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com