विज्ञापन
This Article is From Aug 20, 2016

रियो ओलिंपिक (बैडमिंटन) : चीन के चेन लोंग ने जीता पुरुषों का गोल्ड मेडल

रियो ओलिंपिक (बैडमिंटन) : चीन के चेन लोंग ने जीता पुरुषों का गोल्ड मेडल
गोल्ड मेडल जीतने वाले चेन लोंग (फोटो : एएफपी)
  • चेन लोंग ने मलेशिया के ली चोंग वेई को हराया
  • लोंग ने वेई को 21-18, 21-18 से मात दी
  • लंदन ओलिंपिक में भी वेई को मिला था रजत पदक
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रियो डी जिनेरियो: विश्व के दूसरी वरीयता प्राप्त पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी चीन के चेन लोंग ने शनिवार को पुरुष एकल वर्ग के ओलिंपिक फाइनल में जीत हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. लगातार तीसरी बार ओलिंपिक के फाइनल में पहुंचे मलेशिया के ली चोंग वेई को एक बार फिर रजत पदक से संतोष करना पड़ा और स्वर्ण जीतने का उनका सपना अधूरा ही रह गया.

रियो सेंटर पैवेलियन-4 पर हुए फाइनल में लोंग ने विश्व चैंपियनशिप-2015 के फाइनल को दोहराते हुए सर्वोच्च वरीयता प्राप्त वेई को सीधे गेमों में 21-18, 21-18 से मात दे दी.

लंदन ओलिंपिक 2012 में भी वेई स्वर्ण पदक से चूक गए थे, उस वक्त चीन के ही लिन डैन ने उन्हें फाइनल में मात देकर रजत पदक तक सीमित कर दिया था. हालांकि डैन को इस बार रियो से खाली हाथ लौटना पड़ा. शनिवार को ही इससे पहले कांस्य पदक के लिए हुए मैच में डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन ने डैन को हराकर कांस्य पदक जीता.

विश्व के दो शीर्ष खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई और बेहतरीन रैलियों के बीच अंक हासिल करने की जद्दोजहद ने मैच में दर्शकों को अपनी जगह से उठने नहीं दिया. वेई ने पहले गेम की शानदार शुरुआत की और 3-0 से बढ़त ले ली, लेकिन चीनी खिलाड़ी ने जल्द वापसी करते हुए स्कोर 4-4 कर दिया. इसके बाद स्कोर 5-5, 6-6, और 7-7 तक बराबरी पर चलता रहा.

यहां से वेई ने लगातार चार अंक हासिल किए और 11-7 से आगे निकल गए, लेकिन लोंग ने एक बार फिर जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 13-13 से बराबर कर लिया और फिर 18-16 से बढ़त ले ली. इससे बाद वह फिर नहीं रुके और 21-18 से गेम अपने नाम किया. यह गेम 35 मिनट तक चला. दूसरे गेम में चीनी खिलाड़ी वेई पर हावी रहे और 3-1 से शुरुआती बढ़त हासिल कर ली. वेई ने वापसी करते हुए स्कोर 5-5 कर लिया और फिर 8-7 से आगे निकल गए.

लोंग ने एक बार फिर दमदार खेल दिखाया और 12-11 की बढ़त ले ली, जिसे कायम रखते हुए उन्होंने 38 मिनट तक चले दूसरे गेम को जीत स्वर्ण हासिल किया.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक 2016, बैडमिंटन, चेन लोंग, ली चोंग वेई, ओलिंपिक बैडमिंटन, गोल्ड मेडल, रियो ओलंपिक, Rio Olympics 2016, Badminton, Chen Long, Lee Chong Wei, Gold Medal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com