विज्ञापन
This Article is From Mar 23, 2011

पोंटिंग ने कहा, हम चाहते हैं हमारा खेल बोले

पोंटिंग ने साथ ही मीडिया में प्रकाशित उन रिपोर्टों का खंडन किया, जिनमें कहा जा रहा है कि वह विश्व कप के बाद कप्तानी छोड़ रहे हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
अहमदाबाद: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग ने बुधवार को कहा कि वह चाहते हैं कि गुरुवार को भारत के साथ होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उनका और उनके साथियों का खेल टीम के मौजूदा हालात का वर्णन करे। पोंटिंग ने साथ ही मीडिया में प्रकाशित उन रिपोर्टों का खंडन किया, जिनमें कहा जा रहा है कि वह विश्व कप के बाद कप्तानी छोड़ रहे हैं। पोंटिग ने कहा कि वह विश्व कप के बाद भी टेस्ट तथा एकदिवसीय मैचों में ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान बने रहेंगे। पोंटिंग ने सरदार पटेल स्टेडियम में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा, "गुरुवार को हम खचाखच भरे स्टेडियम में अपना मैच खेलेंगे। यह बड़ा मैच है। हमारे लिए यह बहुत बड़ी चुनौती है। मेरा मानना है कि भारतीय टीम भी ऐसा ही सोच रही होगी। भारत को इस बात की बहुत चिंता होगी कि उसके इस अहम मुकाबले का क्या परिणाम होगा।" अपनी कप्तानी के भविष्य को लेकर पोंटिंग ने कहा, "विश्व कप के बाद मेरे कप्तानी से संन्यास सम्बंधी खबर बिल्कुल बेबुनियाद है। मैंने इसके बारे में सोचा नहीं है। मैं क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं। फिलहाल मेरा ध्यान विश्व कप पर है और इसके बाद मैं पहले की तरह अपनी टीम का नेतृत्व करता रहूंगा।" पोंटिंग ने माना कि गुरुवार को मुकाबला एक कप्तान के तौर पर उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती पेश करेगा। पोंटिंग ने कहा, "गुरुवार को हमारा खेल बोलेगा। ग्लेन मैक्ग्राथ और शेन वार्न के संन्यास लेने के बाद से ही हमारी टीम के बारे में काफी कहा और लिखा गया लेकिन मैं इन बातों पर ध्यान नहीं देता। मैं इस मैच को लेकर काफी उत्साहित हूं, लिहाजा इस सम्बंध में मैं अधिक बात नहीं करना चाहता। हम जो कुछ करेंगे, मैदान में ही करेंगे।" यह पूछे जाने पर कि इस मैच के लिए क्या चीज निर्णायक होगी? पोंटिंग ने कहा, "यह कुछ भी हो सकता है। एक अच्छा शॉट, एक अच्छी गेंद और क्षेत्ररक्षण का एक शानदार नमूना। जब दो बराबरी की टीमों के बीच मुकाबला हो रहा हो तो छोटी-छोटी चीजों का महत्व भी बढ़ जाता है। ऐसे मुकाबले में हर एक गेंद चुनौती होती है और इस दौरान आराम का कोई सवाल नहीं होता।"

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पोंटिंग, ऑस्ट्रेलिया, भारत, Ponting, Australia, India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com