विज्ञापन
This Article is From Mar 21, 2011

क्रिकेट विश्व कप : भारी रहा है ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा

विश्व कप-2011 के अंतर्गत गुरुवार को मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में सह मेजबान भारत का मुकाबला चार बार के विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया से होगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: आईसीसी विश्व कप-2011 के अंतर्गत गुरुवार को मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में सह मेजबान भारत का मुकाबला चार बार के विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया से होगा। आंकड़ों की नजर में अब तक कंगारू टीम का ही पलड़ा भारी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला जीतने के लिए भारतीय टीम को 'एड़ी चोटी' का जोर लगाना पड़ सकता है। विश्व कप में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें अब तक नौ बार भिड़ चुकी हैं जिसमें सात बार बाजी कंगारू टीम के हाथ लगी है जबकि दो बार भारत जीता है। भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें विश्व कप में पहली बार 13 जून, 1983 को आमने-सामने हुई थीं जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 162 रनों से जीत हासिल की थी। इसी विश्व कप में भारत की ऑस्ट्रेलिया से दूसरी भिड़ंत 20 जून को चेम्सफोर्ड में हुई थी जहां भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 118 रनों से हराकर बदला चुकता किया था। वर्ष 1983 में ही भारत ने पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी कपिल देव की अगुवाई में पहली बार विश्व चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया था। वर्ष 1987/88 के विश्व कप में एक बार फिर भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आपस में टकराईं। नौ अक्टूबर, 1987 को चेन्नई में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एक बेहद ही रोमांचक मुकाबले में भारत को एक रन से हराया था। इसी विश्व कप में भारत ने 22 अक्टूबर को दिल्ली में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 56 रनों से हराकर करारा जवाब दिया था। इसके बाद से भारतीय टीम विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के साथ हुए मुकाबलों में जीत के लिए तरसती हुई नजर आई है। वर्ष 1991-92 में ब्रिस्बेन में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर फिर से एक रन की रोमांचक जीत दर्ज की थी। 27 फरवरी, 1995-96 में मुम्बई में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 16 रनों से हराया था वहीं 1999 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 77 रनों से शिकस्त दी थी वहीं वर्ष 2002/03 में खेले गए मुकाबले में कंगारू टीम ने द. अफ्रीका के सेंचुरियन में खेले गए मुकाबले में भारत को नौ विकेट से पराजित किया था। भारतीय टीम अंतिम बार ऑस्ट्रेलिया के साथ 23 मार्च, 2003 को जोहांसबर्ग में विश्व कप के खिताबी मुकाबले में भिड़ी थी, जहां उसे 125 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। उपरोक्त आंकड़ो को देखते हुए कहा जा सकता है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराना भारत के लिए आसान नहीं रहने वाला है। देखना दिलचस्प होगा कि महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग के नेतृत्व वाली टीम के सामने किस प्रकार का प्रदर्शन करती है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विश्व कप, ऑस्ट्रेलिया
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com