तन्मय मिश्रा ने 89 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 72 रन बनाए। ओबुयुआ ने 98 रनों की जुझारू पारी खेली।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बेंगलुरू:
आईसीसी विश्व कप-2011 के अंतर्गत एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रविवार को खेले गए ग्रुप 'ए' के एक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने केन्या को 60 रनों से पराजित कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 324 रन बनाए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी केन्या टीम 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 264 रन ही बना सकी। केन्या की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 46 रन पर उसके तीन विकेट गिर गए थे। इसके बाद हालांकि तन्मय मिश्रा (72) और कोलिन्स ओबयुआ (37) ने चौथे विकेट के लिए 115 रनों की साझेदारी कर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की भरसक कोशिश की। तन्मय मिश्रा ने 89 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 72 रन बनाए। ओबुयुआ ने 98 रनों की जुझारू पारी खेली। उन्होंने 129 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के लगाए। केन्या का पहला विकेट मौरिस औमा के रूप में तीसरे ओवर में गिरा। वह चार रन के निजी योग पर ब्रेट ली की गेंद पर हैडिन को कैच थमा बैठे। उस समय टीम का कुल योग 12 रन था। दूसरा विकेट एलेक्स ओबान्दा के रूप में 21 रन के कुल योग पर गिरा। ओबान्दा ने 10 गेंदों में 14 रन बनाए। वह शान टेट की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद डेविड ओबयुआ 12 रन बनाकर रन आउट हो गए। उस समय टीम का कुल योग 46 रन था। थॉमस ओडोयो ने 38 गेंदों में 35 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज शान टेट को दो सफलता मिली जबकि ब्रेट ली एक विकेट मिला। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 324 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ब्रैड हैडिन की 65 रनों की अर्धशतकीय पारी के बाद उपकप्तान माइकल क्लार्क और डेविड हसी ने भी अर्धशतक जड़ ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। माइकल क्लार्क ने 93, ब्रैड हैडिन ने 65 और माइकल हसी ने 54 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 38 के योग पर पहला विकेट गंवा दिया था लेकिन दूसरे विकेट के लिए कप्तान रिकी पोटिंग और हैडिन ने 89 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने जल्दी-जल्दी तीन अहम विकेट गंवा दिए। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज शेन वाटसन रन गति को तेजी से आगे बढ़ाने के चक्कर में 21 रन के निजी योग पर नेहमिया ओधियाम्बो की गेंद पर मौरिस औमा को कैच थमाकर चलते बने। वाटसन ने 17 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद हैडिन 79 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 65 रन बनाकर चलते बने। अगले ही ओवर में पोंटिंग आउट हो गए। उन्होंने 54 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 36 रन बनाए। अगले ओवर में ऑस्ट्रेलिया को एक और झटका लगा। विस्फोटक बल्लेबाज क्रेग व्हाइट दो रन बनाकर चलते बने। उन्होंने सिर्फ छह गेंदों का सामना किया। इसके बाद माइकल हसी 72 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। स्टीवन स्मिथ 17 और मिशेल जानसन 12 रन बनाकर नाबाद रहे। केन्या के गेंदबाज नेहमिया ओधियाम्बो को तीन सफलता मिली जबकि जिम्मी कामान्डे को दो और कोलिन्स ओबयुआ को एक विकेट मिला। इससे पहले इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने अब तक तीन मुकाबले खेले हैं जिसमें दो में उसे जीत मिली है जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। ऑस्ट्रेलिया ने अपने पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 91 रनों से हराया था जबकि दूसरे मुकाबले में उसने न्यूजीलैंड को सात विकेट से मात दी थी वहीं श्रीलंका के खिलाफ तीसरा मुकाबला रद्द हो गया था। केन्या ने अब तक इस विश्व कप में चार मुकाबले खेले हैं और सभी मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। केन्या को पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के हाथों 10 विकेट से मात खानी पड़ी थी जबकि दूसरे मुकाबले में उसे पाकिस्तान ने 205 रनों से करारी शिकस्त दी थी। तीसरे मुकाबले में श्रीलंका ने केन्या को नौ विकेट से हराया था जबकि चौथे मुकाबले में कनाडा ने उसे पांच विकेट से पराजित किया था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
ऑस्ट्रेलिया, टॉस, बल्लेबाजी