विज्ञापन
This Article is From Mar 25, 2011

द. अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में

न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 49 रन से हराकर विश्व कप क्रिकेट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मीरपुर: मैन ऑफ द मैच चुने गए हरफनमौला जैकब ओरम (39/4) और नेथन मैक्लम (24/3) की शानदार गेंदबाजी और उससे पहले जेसी राइडर (83) तथा रॉस टेलर (43) के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 114 रनों की साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए आईसीसी विश्व कप-2011 के तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बड़ा उलटफेर करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 49 रनों से हरा दिया। इस जीत ने कीवी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया है जबकि ग्रुप स्तर में शानदार प्रदर्शन करने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम एक बार फिर विश्व कप जीतने से महरूम रह गई है। कीवी टीम छठी बार सेमीफाइनल में पहुंची है। दक्षिण अफ्रीकी टीम 1992 से विश्व कप में हिस्सा ले रही है लेकिन हर बार खिताब का दावेदार होने के बावजूद वह खिताब से दूर रही है। न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 222 रनों के अपेक्षाकृत आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम 43.2 ओवरों में 172 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही थी। उसने आठ रन के कुल योग पर हाशिम आमला का विकेट गंवाने के बाद दूसरे और तीसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारियां देखीं लेकिन इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे और न्यूजीलैंड ने लक्ष्य से 49 रन कम पर उसे आउट कर दिया। इस तरह दक्षिण अफ्रीका एक बार फिर 'चोकर' साबित हुआ। दक्षिण अफ्रीका की ओर से आमला ने केवल सात रन बनाए जबकि कप्तान ग्रीम स्मिथ ने 28, जैक्स कैलिस ने 47, अब्राहम डिविलियर्स ने 35 तथा फाफ ड्यू प्लेसिस ने 36 रनों का योगदान दिया। ज्यां पॉल ड्यू्मिनी (3), जोहान बोथा (2), रोबिन पीटरसन (0) का सस्ते में आउट होना स्मिथ की टीम को महंगा पड़ा। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी और ल्यूक वुडकॉक ने एक-एक सफलता हासिल की। इससे पहले, राइडर (83) की शानदार अर्धशतकीय पारी की मदद से कीवी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 221 रन बनाए। राइडर ने 121 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से सर्वाधिक 83 रनों का योगदान दिया। राइडर ने उपकप्तान रॉस टेलर (43) के साथ तीसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी निभाई और टीम को खराब शुरुआत से उबारा। टेलर ने अपनी 72 गेंदों की पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। इसके अलावा केन विलियमसन ने 41 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की सहायता से 38 रनों की नाबाद पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मोर्ने मोर्कल ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए जबकि डेल स्टेन और इमरान ताहिर को दो-दो सफलता मिली। ताहिर ने ही 130 रनों के कुल योग पर टेलर को आउट कर कीवी टीम की ओर से हुई सबसे बड़ी साझेदारी को तोड़ा था। कीवियों को सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुपटिल (1), ब्रेंडन मैक्लम (4), स्कॉट स्टायरिश (16), नेथन मैक्लम (6) और जैकब ओरम (7) से काफी उम्मीदें थीं लेकिन ये बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका की धारदार गेंदबाजी के आगे अपनी टीम के लिए अहम योगदान नहीं दे सके। न्यूजीलैंड की टीम ग्रुप 'ए' से क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी जबकि दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप 'बी' से अंतिम-8 में जगह बनाई थी। इस मैच को जीतने वाली टीम का सामना शनिवार को श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से कोलम्बो में 29 मार्च को होगा। मैच के बाद स्मिथ ने कहा, "मैं बता नहीं सकता कि मुझे कैसा महसूस हो रहा है। यह शाम हमारे लिए बेहद निराशाजनक रही है। हमने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन राइडर ने हमसे जोरदार संघर्ष किया और अपनी टीम को अच्छा योग देने में सफल रहे। बल्लेबाजी के वक्त नियमित अंतराल पर विकेट गंवाना हमें महंगा पड़ा। हमने इस मैच में सचमुच खराब प्रदर्शन किया।" विजेता कप्तान विटोरी ने कहा, "आज हमारे लिए हर एक गेंदबाज ने जी-जान लगा दिया। मैं समझता हूं कि गेंदबाजी और सबसे अहम क्षेत्ररक्षण के दम पर हम सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहे हैं। 221 रन बनाने के बाद मैंने अपने साथियों से कहा था कि इस लक्ष्य को बचाने के लिए आक्रामक खेल दिखाना होगा। मैं जानता था कि इस विकेट पर कुछ भी हो सकता है लिहाजा हमने शुरुआत से जीत को लेकर यकीन बनाए रखा था। मैं इस जीत से खुश हूं। अब हम बड़ी शांति के साथ शनिवार को श्रीलंका तथा इंग्लैंड का क्वार्टर फाइनल मैच देख सकेंगे।"

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
न्यूजीलैंड, टॉस, बल्लेबाजी, फैसला
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com