वर्ल्ड नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने मियामी ओपन का खिताब जीत लिया है। उन्होंने फ़ाइनल मुक़ाबले में स्कॉटलैंड के एंडी मर्रे को 7-6, 4-6, 6-0 से हराया। ये फ़ाइनल मुक़ाबला काफी गर्मी में खेला गया लेकिन इसका असर 27 साल के जोकोविच पर नहीं दिखा। उन्होंने आसानी से ये मुक़ाबला जीत कर मियामी में अपना पांचवां खिताब जीता।
ऑस्ट्रेलियन ओपन, इंडियन वेल्स के बाद जोकोविच ने मियामी में भी कामयाबी का अपना सफर जारी रखा है। ये उनके करियर का 51वां खिताब है। इस जीत के साथ ही जोकोविच अब मर्रे को लगातार दस मैचों में हरा चुके हैं। कुल मिलाकर उन्होंने मर्रे के खिलाफ 26 मैचों में 18 मैच जीते हैं जबकि 8 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। जोकोविच इस साल जोरदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। सीज़न में अब तक खेले गए 27 मुक़ाबलों में से 25 में उन्होंने जीत हासिल की है जबकि महज 2 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
मियामी ओपन का खिताब जीतने के साथ जोकोविच नंबर वन रैंकिंग के हिसाब से राफेल नडाल की बराबरी पर पहुंच गए हैं। नडाल 141 सप्ताह तक नंबर वन खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन नोवाक जोकोविच अब उनकी बराबरी पर हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं