पिछले नौ मैच हारने वाली कैरेबियाई टीम ने वनडे क्रिकेट में आखिरी जीत किंगस्टन में अप्रैल में आयरलैंड के खिलाफ दर्ज की थी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
इस विश्व कप में पहली हैट्रिक जमाने वाले केमार रोच के छह विकेट, पिंच हिटर कीरोन पोलार्ड के बल्ले से निकले आतिश और सही समय पर फार्म में लौटे क्रिस गेल के अर्धशतक के दम पर वेस्टइंडीज ने विश्व कप ग्रुप बी के मुकाबले में सोमवार को हालैंड पर 215 रन से धमाकेदार जीत दर्ज की। खराब दौर से जूझने वाली वेस्टइंडीज टीम को यह जीत लगभग 10 महीने बाद मिली है। पिछले नौ मैच हारने वाली कैरेबियाई टीम ने वनडे क्रिकेट में आखिरी जीत किंगस्टन में अप्रैल में आयरलैंड के खिलाफ दर्ज की थी। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिये भेजी गई कैरेबियाई टीम ने आठ विकेट पर 338 रन बनाये जो इस फिरोजशाह कोटला मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में पहले मैच में इंग्लैंड को नाकों चने चबवाने वाली डच टीम के लिये टाम कूपर :नाबाद 55: को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं टिक सका। पूरी टीम 31.3 ओवर में 115 रन पर सिमट गई। रोच ने 8.3 ओवर में 27 रन देकर छह विकेट लिये। रोच ने 32वें ओवर की पहली तीन गेंद पर पीटर सीलार, बर्नार्ड लूट्स और बेरेंड वेस्टजिक को आउट करके इस विश्व कप की पहली और कुल छठी हैट्रिक बनाई। पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से सात विकट से हारने वाली वेस्टइंडीज को गेल और स्मिथ ने शानदार शुरूआत दी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाकाम रहे गेल ने 80 और स्मिथ ने 53 रन बनाये। आखिरी ओवरों में आईपीएल स्टार पोलार्ड ने सिर्फ 27 गेंद में पांच चौकों और चार गगनभेदी छक्कों की मदद से 60 रन बनाये। फिरोजशाह कोटला मैदान पर बेहद कम तादाद में मौजूद दर्शकों के सामने स्मिथ ने आक्रामक शुरूआत करते हुए पहले ही ओवर में डच तेज गेंदबाज मुदस्सर बुखारी को तीन चौके जड़े। दूसरे छोर पर गेल शुरूआत में सहज नहीं दिखे और उन्होंने हाथ खोलने में काफी समय लिया। बुखारी ने गेल के सामने तीसरा ओवर मैडन डाला। पहले मैच में इंग्लैंड को कड़ी चुनौती देने वाली डच टीम के लिये युवा स्पिनर पीटर सीलार ने तीन विकेट चटकाये जबकि बुखारी को दो विकेट मिले। गेल ने पहला चौका दसवें ओवर में रियान टेन डोइशे को जमाया । इस ओवर में उन्होंने लगातार तीन चौके लगाकर फार्म में लौटने के पूरे संकेत दिये। इससे पहले स्मिथ ने दूसरे छोर से आक्रमण का सिलसिला जारी रखते हुए आठवें ओवर में बेरेंड वेस्टजिक को तीन चौके लगाये। गेल ने 11वें ओवर में बर्नार्ड लूट्स को नसीहत देते हुए दो चौके जड़े। गेल और स्मिथ ने वेस्इंडीज के 100 रन सिर्फ 99 गेंद में पूरे किये। इस साझेदारी को लूट्स ने 17वें ओवर में तोड़ा जब स्मिथ उनकी बेहद खूबसूरत गेंद पर बल्ला अड़ाकर विकेट के पीछे वेसले बारेसी को कैच दे बैठे। स्मिथ के आउट होने के बाद आक्रमण का जिम्मा संभालते हुए गेल ने 23वें ओवर में टाम कूपर को दो छक्के जड़े। स्मिथ की जगह आये ब्रावो ने भी चतुराई का प्रदर्शन करते हुए ढीली गेंदों को नसीहत दी। उसने पीटर सीलार को 30वें ओवर में छक्का जड़ा लेकिन इसी गेंदबाज के अगले ओवर में विकेट गंवा बैठे। ऑफ स्टम्प से बाहर जाती सीलार की गेंद पर उन्होंने लांग आन पर एलेक्सी केर्वेजी को कैच थमाया। ब्रावो ने 38 गेंद का सामना करके 30 रन बनाये जिसमें एक चौका और दो छक्के शामिल थे। उन्होंने गेल के साथ दूसरे विकेट के लिये 68 रन जोड़े। शतक की ओर बढते नजर आ रहे गेल बल्लेबाजी पावरप्ले में अपना विकेट गंवा बैठे। टेन डोइशे की स्विंग लेती गेंद पर उन्होंने लांग आफ में खड़े केर्वेजी को कैच थमा दिया। गेल ने 110 गेंदों का सामना करके सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 80 रन बनाये। वनडे क्रिकेट में अब उनके नाम 225 मैचों में 7999 रन हो गए हैं और 8000 रन पूरे करने वाले चौथे कैरेबियाई बल्लेबाज बनने के लिये उन्हें सिर्फ एक रन की दरकार है। अपनी पारी में दो जीवनदान पाने वाले अनुभवी रामनरेश सरवन भी अर्धशतक पूरा करने से एक रन से चूक गए। वेस्टजिक ने 43वें ओवर की पहली गेंद पर उन्हें पगबाधा आउट कर दिया। सरवन ने 42 गेंद में सात चौकों और सीलार को जड़े एक छक्के की मदद से 49 रन बनाये कप्तान डेरेन सैमी :छह : को सीलार ने अपना दूसरा शिकार बनाया जबकि शिवनारायण चंद्रपाल :4: के रूप में उन्होंने तीसरा विकेट लिया। उधर पोलार्ड की आक्रामक पारी का अंत बुखारी ने किया। छक्का मारने के प्रयास में पोलार्ड ने लांग आन में टेन डोइशे को कैच थमाया। जवाब में हालैंड की शुरूआत बेहद खराब रही। स्कोर बोर्ड पर दो रन ही टंगे थे कि दूसरे ओवर में रोच ने बारेसी को पवेलियन भेज दिया। पहली स्लिप में गेल ने उनका दर्शनीय कैच लपका। उधर बेन की गेंद को आगे बढकर खेलने के प्रयास में केर्वेजी चूके और थामस ने उन्हें स्टम्प आउट कर दिया। हालैंड को हालांकि सबसे बड़ा झटका पिछले मैच के शतकवीर टेन डोइशे के विकेट के रूप में लगा जिन्हें बेन ने पगबाधा आउट किया। डच टीम ने इस पर रिव्यू लिया लेकिन फैसला मैदानी अंपायर अमीश साहेबा के पक्ष में ही रहा। इसके बाद कोई डच बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सका।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं