- आंध्र और तेलंगाना सरकार ने 1000-1000 गज जमीन देने की घोषणा की
- महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सिंधु की मनपसंद की एक एसयूवी देने की बात कही
- कोच पुलेला गोपीचंद को भी एक करोड़ रुपये देगी तेलंगाना सरकार

भारत आते ही पीवी सिंधु को जो पहला तोहफा मिलेगा वह एक चमचमाती लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार होगी. हैदराबाद डिस्ट्रिक बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. चामुंडेशवरनाथ ने इसका ऐलान किया है. इन्होंने लंदन ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सायना नेहवाल को भी एक ऐसी ही कार गिफ्ट की थी. उन्होंने कहा, 'रियो ओलिंपिक शुरू होने के पहले मैंने घोषणा की थी तेलांगना और आंध्र प्रदेश से जो भी मेडल जीतेगा, मैं उसे एक बीएमडब्ल्यू गिफ्ट करूंगा. मैं बहुत खुश हूं और जल्द ही सिंधु को कार सौंप दूंगा.' यही नहीं भारतीय कार निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सिंधु को उनकी पसंद की एक एसयूवी देने की बात कही है.
तेलंगाना सरकार ने की पांच करोड़ की घोषणा
तेलंगाना सरकार ने महिला एकल बैडमिंटन में ओलिंपिक सिल्वर जीतने वाली पीवी सिंधु को पांच करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है.
हैदराबाद स्थित सचिवालय में राज्य कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा कि फैसला किया गया है कि सिंधु को पांच करोड़ का नकद पुरस्कार और 1000 वर्ग गज जमीन दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने साथ ही इच्छुक होने पर सिंधु को सरकारी नौकरी की भी पेशकश की है.
चंद्रशेखर राव ने संवाददाताओं से कहा, 'खेल हस्तियों को उत्साहित करने की जरूरत है. जैसे कि सानिया मिर्जा जिन्होंने सरकार के प्रोत्साहन के बाद कई टूर्नामेंट जीतकर देश को गौरवांवित किया. हम उम्मीद करते हैं कि सिंधु भी भविष्य में और टूर्नामेंट जीतकर देश को गौरवांवित करेंगी. वह 22 अगस्त को हैदराबाद आ रही है. कैबिनेट ने उनका भव्य स्वागत करने का फैसला किया है.'
कोच गोपीचंद को भी एक करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने सिंधु के कोच पी. गोपीचंद को भी एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की और साइना नेहवाल, पी. कश्यप जैसे दुनिया के शीर्ष 50 खिलाड़ी तैयार करने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की.
राव ने साथ ही बताया कि कैबिनेट ने रियो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली पहलवान साक्षी मलिक को भी एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने का फैसला किया है.
आंध्र प्रदेश देगा तीन करोड़ रुपये, सरकारी नौकरी की पेशकश

आंध्र प्रदेश सरकार ने भी पीवी सिंधु के लिए कई पुरस्कारों की घोषणा की, जिसमें तीन करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार शामिल है. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'हम राज्य की नई राजधानी अमरावती में उन्हें मकान के लिए 1000 वर्ग गज जमीन देंगे और राज्य सरकार में ग्रुप एक अधिकारी का पद भी.' उन्होंने कहा कि सिंधु के कोच पुलेला गोपीचंद को भी 50 लाख रुपये दिए जाएंगे.
अतीत में कर्णम मल्लेश्वरी, गोपीचंद और अन्य को दिए पुरस्कारों को याद करते हुए नायडू ने कहा, 'सिंधु सभी भारतीयों का गौरव बन गई हैं. हम उनके लिए पुरस्कारों की घोषणा करते हैं. हम देश को गौरवांवित करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते रहे हैं.' नायडू की अध्यक्षता के शनिवार को बैठक करने वाली राज्य की कैबिनेट ने ओलिंपिक में प्रेरित करने वाली जीत के लिए सिंधु को बधाई दी. मुख्यमंत्री ने कहा, 'उन्होंने देश को अभूतपूर्व सम्मान दिलाया है.'
दिल्ली सरकार देगी दो करोड़ रुपये
दिल्ली सरकार ने सिल्वर मेडल जीतने वाली पीवी सिंधु को दो करोड़ रुपये तथा ब्रॉन्ज मेडल विजेता साक्षी मलिक को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है.
उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शनिवार सुबह हरियाणा के रोहतक में साक्षी के परिजनों से मिले और दोनों ओलिंपिक पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार की घोषणा की. उन्होंने साक्षी के पिता सुखबीर मलिक को भी पदोन्नति की पेशकश की जो दिल्ली परिवहन निगम में बस कंडक्टर हैं.
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा, 'उप-मुख्यमंत्री ने सिंधु को दो करोड़ रुपये और साक्षी को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है.' अधिकारी ने साथ ही कहा कि सिसोदिया ने साथ ही कहा है कि ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को चार करोड़ रुपये दिए जाएंगे.
प्रमोशन और 75 लाख रुपये देगा BPCL

सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बीपीसीएल ने ओलिंपिक खेलों में सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी पीवी सिंधु को 75 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमोशन देने की घोषणा की है.
सिंधु 2013 से भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ जुड़ी हैं और फिलहाल हैदराबाद कार्यालय में सहायक प्रबंधक (खेल) के रूप में काम करती हैं.
सिंधु के लिए 75 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा करते हुए बीपीसीएल के सीएमडी एस. वरदराजन ने कहा कि इस स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी को उप-प्रबंधक के पद पर पदोन्नत किया जाएगा.
कंपनी ने बयान में कहा, 'पीवी सिंधु, बीपीसीएल की खिलाड़ी और भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी ने प्रतिभा और जज्बे का शानदार प्रदर्शन करते हुए ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बनकर भारतीय खेलों के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है.' हैदराबाद की सिंधु जब 14 साल की थी तब से बीपीसीएल उनका साथ दे रहा है और वह जुलाई 2013 में कंपनी से जुड़ गई थी.
हरियाणा सरकार भी 50 लाख रुपये देगी
हरियाणा सरकार ने शनिवार को बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधु, जिम्नास्ट दीपा करमाकर, धावक ललिता बाबर को ओलिंपिक खेलों में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है. चंडीगढ़ में जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, ये घोषणाएं मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की.
रियो में बैडमिंटन स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने वाली सिंधु को 50 लाख रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि ललिता बाबर और दीपा करमाकर दोनों को 15-15 लाख रुपये की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी. एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि रियो में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली साक्षी मलिक के कोच को भी 10 लाख रुपये की राशि दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा से बाहर की इन ओलिंपिक खिलाड़ियों को पुरस्कार देने का यह फैसला समूचे देश की लड़कियों को खेल में आगे बढ़ने और राष्ट्र का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा. राज्य सरकार की खेल नीति को ध्यान में रखते हुए साक्षी मलिक को ढाई करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा.
नीति के तहत ओलिंपिक में हरियाणा से गोल्ड मेडल विजेता को छह करोड़ रुपये, सिल्वर मेडल विजेता को चार करोड़ रुपये और ब्रॉन्ज मेडल विजेता को ढाई करोड़ रुपये दिए जाते हैं.
एआईएफएफ ने की 5 लाख रुपये देने की घोषणा

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने रियो ओलिंपिक खेलों में पदक हासिल करने के लिए बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और पहलवान साक्षी मलिक को बधाई दी और दोनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की.
पटेल ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा, 'एआईएफएफ भारत को गौरवांवित करने के लिए खेल जगत के प्रति समर्थन और एकजुटता जाहिर करता है. हम लोग सिंधु और साक्षी दोनों को पांच-पांच लाख रुपये देंगे.' उन्होंने कहा, 'उन्होंने हमें गौरवान्वित किया है. उनकी उपलब्धि पूरे राष्ट्र को प्रेरित करेगी.' जहां सिंधु ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं वहीं साक्षी खेलों के इस महासमर में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं.
- साथ में एजेंसी इनपुट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं