विज्ञापन
This Article is From Jul 02, 2015

लिएंडर पेस और सानिया मिर्ज़ा से उम्मीदें बरकरार, जोकोविच-सेरेना भी अगले दौर में

लिएंडर पेस और सानिया मिर्ज़ा से उम्मीदें बरकरार, जोकोविच-सेरेना भी अगले दौर में
लिएंडर पेस और डैनियल नेस्टर (फाइल फोटो)
विम्बलडन में भारत के डबल्स सितारे लिएंडर पेस और सानिया मिर्ज़ा ने कल अपने-अपने जोडिदारों के साथ मुकाबले जीत कर अगले दौर में जगह बना ली है।

भारत के लिएंडर पेस और कनाडा के डैनियल नेस्टर की जोड़ी विम्बलडन के दूसरे राउंड में पहुंच गई है। पेस और नेस्टर ने पुरुष डबल्स के पहले राउंड में सर्बियाई जोड़ी को 6-3, 6-4, 7-5 से हराया। ग्यारहवीं सीड पेस-नेस्टर की जोड़ी को मैच जीतने में एक घंटा 43 मिनट का समय लगा।

भारत की सानिया मिर्ज़ा अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ विम्बलडन के महिला डबल्स मुक़ाबलों के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं।

इस टूर्नामेंट में इस जोड़ी को पहली वरियता प्राप्त है। मिर्ज़ा-हिंगिस कि जोड़ी ने कज़ाक और चीन के खिलाड़ियों ज़रीना दियास और झेंग ससाई की जोड़ी को 6-2, 6-2 से हराया। मैच सिर्फ 68 मिनट चला और पूरे मैच में कहीं से नहीं लगा कि टॉप सीडेड जोड़ी को कोई परेशानी हुई।

वहीं पुरुषों के टॉप सीडेड खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने तीसरे दौर में अपनी जगह बना ली है। दो बार विम्बलडन का खिताब अपने नाम कर चुके जोकोविच यहां खिताब के प्रबल दावेदार हैं। उन्होंने कल फ़िनलैंड के जार्को नीमेनिन को 6-4, 6-2, 6-3  को दूसरे दौरे के मैच में आसानी से हरा दिया।

महिलाओं की नंबर 4 वरियता प्राप्त खिलाड़ी मारिया शारापोवा को अपना मैच जीतने में सिर्फ 65 मिनट का समय लगा। 2004 में यहां खिताब अपने नाम करने वाली शारापोवा ने रिचेल हॉगेनकैंप को 6-3, 6-1 से आसानी से मात दी। वहीं दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने भी बड़ी आसानी से तीसरे दौर में अपनी जगह बना ली है। उन्होंने टीमिया बाबोस को 6-4, 6-1 को मात दी।

सेरेना का इरादा इस साल चारों ग्रैंड स्लैम जीतने का है। अगर वह ऐसा कर पाई तो 1988 में स्टेफी ग्राफ़ के बाद ऐसा करने वाली वह पहली महिला खिलाड़ी होंगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विम्बलडन, लिएंडर पेस, सानिया मिर्जा, Leander Paes, Wimbledon, Sania Mirza
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com