कुंबले ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की वर्तमान टीम अब उतनी मजबूत नहीं है जितनी भारत के खिलाफ 2003 विश्व कप के फाइनल में थी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
Mumbai:
महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बृहस्पतिवार को अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में होने वाले विश्व कप के क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय टीम प्रबल दावेदार होगी। कुंबले ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की वर्तमान टीम अब उतनी मजबूत नहीं है जितनी भारत के खिलाफ 2003 विश्व कप के फाइनल में थी। भारत इस खिताबी मुकाबले में बुरी तरह हारा था। कुंबले ने संवाददाताओं से कहा, (ऑस्ट्रेलिया की 2003 और 2011 विश्व कप की) दोनों टीमें बिल्कुल अलग हैं। ऑस्ट्रेलिया को वर्तमान फॉर्म में हराने का अच्छा मौका है। मुझे लगता है कि भारत को ऑस्ट्रेलिया को हराना चाहिए। ऑस्ट्रेलिया मजबूत टीम है लेकिन अगर आपको विश्व कप जीतना है तो मजबूत टीमों को हराना होगा। बल्लेबाजी पावरप्ले में भारत के हालिया खराब प्रदर्शन संबंधी सवाल पर पूर्व कप्तान ने कहा कि टीम को कोई भी मैच जीतने के लिए पावरप्ले के पांच ओवर नहीं बल्कि पूरे 100 ओवर तक अच्छा खेलना होगा। वहीं पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा कि भारतीय टीम को सोचना चाहिए कि अगर पाकिस्तानी टीम ऑस्ट्रेलिया को हरा सकती है तो वे क्यों नहीं हरा सकते। कपिल ने कहा, ऑस्ट्रेलिया मजबूत टीम है। यह टीम पाकिस्तान से हारने से पहले 36 मैचों में केवल एक बार हारी थी। मैं यह कह रहा हूं कि अगर ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान से हार सकता है तो वे भारत से भी हार सकते हैं। हमें सकारात्मक रहना चाहिए।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
कुंबले, भारत, ऑस्ट्रेलिया, मैच