विश्व कप की फिसड्डी मानी जा रही दो टीमों के बीच जंग में कनाडा ने खुद को बेहतर साबित करते हुए कीनिया को पांच विकेट से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
विश्व कप की फिसड्डी मानी जा रही दो टीमों के बीच जंग में कनाडा ने खुद को बेहतर साबित करते हुए ग्रुप बी में कीनिया को पांच विकेट से हराकर क्रिकेट महाकुंभ में अपनी पहली जीत दर्ज की। कनाडा की इस जीत के नायक हेनरी ओसिंडे तथा दिल्ली में जन्मे कप्तान आशीष बगई और लुधियाना में जन्मे जिम्मी हंसरा रहे। ओसिन्डे ने जहां 26 रन के एवज में चार विकेट लेकर कीनियाई शीर्ष क्रम को तहस नहस किया वहीं ओसिंडे और बगई ने विषम परिस्थितियों में चौथे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी की जो विश्व कप में कनाडा की तरफ से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी भागीदारी है। ओसिंडे के कमाल से कीनिया की आधी टीम 57 रन पर पवेलियन लौट गई थी लेकिन तन्मय मिश्रा (51) और थामस ओडोयो (51) के अर्द्धशतकों से वह 198 रन बनाने में सफल रहा। कनाडा ने भी 48 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद पहली गेंद पर ही जीवनदान पाने वाले हंसरा (70) और बगई (नाबाद 64) ने सहजता से टीम की नैया पार लगाई। कनाडा ने 45.3 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाकर चौथे मैच में अपना खाता खोला। कीनिया की यह लगातार चौथी हार है। कनाडा की इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी कमजोरी बल्लेबाजी रही है लेकिन वह हंसरा और बगई की बदौलत वह अपनी इस कमजोरी से पार पाने में सफल रहा। कनाडा ने अपने ट्रंप कार्ड रिजवान चीमा से पारी का आगाज करवाने का जुआ खेला जिन्होंने पहली गेंद पर रेफरल के जरिये बचने के बाद दो चौके और एक छक्का जमाया लेकिन एल्जाह ओटिनो की गेंद पर आगे बढ़ने के प्रयास में वह बोल्ड हो गए।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
कीनिया, कनाडा