कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में खेल संस्थाओं से राजनेताओं को बाहर रखने की वकालत करते हुए कहा कि खेल संस्थाओं का संचालन खिलाड़ियों को ही करना चाहिए।
यहां 'राष्ट्रीय युवा नीति 2014' और 'राजीव गांधी खेल अभियान' के लॉन्च के मौके पर राहुल ने कहा, 'अगर हम खेलों और इसे कैसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की बात करें, तो फिर देश में खेलों के बारे में फैसला करने के लिए अधिक से अधिक अधिकार खेलों से जुड़े लोगों को दिए जाने चाहिए।' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यही इसका मूल बिंदू है। अगर आप सीधे तौर पर कहना चाहते हैं, तो राजनेताओं को खेलों से दूर रखा जाए।'
राहुल ने कहा कि यह वैसा ही है जैसे देश की राजनीति में बदलाव में मदद के लिए आम आदमी को अधिकार देना। उन्होंने कहा, 'राजनीति में भी यही नियम लागू होता है। अगर आप देश में राजनीति को बदलना चाहते हैं, तो युवाओं को अधिक से अधिक अधिकार दे, आम आदमी को अधिक अधिकार दें और आप राजनीति को बदल देंगे।'
केंद्र द्वारा प्रायोजित योजनाएं राष्ट्रीय युवा नीति 2014 और राजीव गांधी खेल अभियान शुक्रवार को यहां जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में लॉन्च की गई। इस मौके पर खेल मंत्री जितेंद्र सिंह, मैरीकाम, विजेंदर सिंह, पुलेला गोपीचंद, अश्विनी नचप्पा, रंजन सोढ़ी और कर्णम मल्लेश्वरी यहां मौजूद थे। इन दोनों कार्यक्रमों को पूरे देश में जिला मुख्यालय और विश्वविद्यालय स्तर पर भी साथ-साथ लांच किया गया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं