
जयपुर की राइफ़ल शूटर अपूर्वी चंदेला के हाथों में रियो ओलिंपिक्स का टिकट है। ग्लासगो कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली अपूर्वी चंदेला पिस्टल शूटर जीतू राय के बाद रियो ओलिंपिक्स के लिए क्वालिफ़ाई करने वाली दूसरी भारतीय शूटर बन गई हैं।
दक्षिण कोरिया के चैंगवॉन में चल रहे वर्ल्ड कप में 22 साल की अपूर्वी ने 10 मीटर एयर राइफ़ल का कांस्य पदक जीता और रियो का टिकट अपने नाम कर लिया।
वो कहती हैं कि वर्ल्ड कप के पदक का लंबे समय से इंतज़ार कर रही थीं और जब ये मेडल उनके नाम हुआ तो रियो ओलिंपिक्स में जगह पक्की हो गई। ज़ाहिर है उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। वो कहती हैं कि अब उन्हें रियो ओलिंपिक्स के लिए तैयारी करने में काफ़ी मदद मिलेगी।
अपूर्वी, अभिनव बिन्द्रा को अपना हीरो मानती हैं। अपूर्वी ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीता, जो अभिनव बिन्द्रा का आख़िरी कॉमनवेल्थ खेल था और अब उन्हें रियो का टिकट हासिल हुआ है, जहां बिन्द्रा और नारंग जैसे शूटर्स भी ओलिंपिक के लिए क्वालिफ़ाई करने से चूक गए।
अभिनव बिन्द्रा ने अपूर्वी को ट्विटर पर बधाई भी दी है। चैंगवान वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में पांचवें नंबर पर क्वालिफ़ाई कर राइफ़ल शूटर अपूर्वी ने 185.6 का स्कोर किया और पोडियम पर जगह बनाने के साथ रियो ओलिंपिक्स का टिकट भी हासिल कर लिया। अपूर्वी कहती हैं कि उन्हें इस साल और भी प्रतियोगिताओं में पोडियम पर जगह बनानी है। चैंगवान वर्ल्ड कप का स्वर्ण पदक क्रोएशिया और रजत पदक सर्बिया की शूटर के नाम हुआ।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं