भारत विश्व कप ग्रुप बी में भले ही शीर्ष पर काबिज हो लेकिन उसकी क्वार्टर फाइनल की सीट पूरी तरह से पक्की नहीं हुई है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi:
भारत विश्व कप ग्रुप बी में भले ही शीर्ष पर काबिज हो लेकिन उसकी क्वार्टर फाइनल की सीट पूरी तरह से पक्की नहीं हुई है और अब भी महेंद्र सिंह धोनी की टीम अगर मगर के जंजाल में फंस सकती है। यह स्थिति हालांकि काल्पनिक है लेकिन अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। भारत के पांच मैच में सात अंक हैं और उसे अब 20 मार्च को अपने अंतिम लीग मैच में वेस्टइंडीज से खेलना है। भारतीय टीम यदि उस मैच में जीत दर्ज करती है तो वह सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगी लेकिन वह इससे पहले भी नाकआउट चरण में जगह बना सकती है हालांकि यह दूसरी टीमों के परिणाम पर निर्भर करेगा। ग्रुप बी में अभी सबसे नाजुक स्थिति इंग्लैंड की बनी हुई है और उसे अंतिम आठ में जगह बनाने के लिये अपने अगले मैच में वेस्टइंडीज पर हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। यदि एंड्रयू स्ट्रास की टीम इसमें असफल रहती है तो फिर भारत अपने अगले मैच से पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगा। यदि इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज को बड़े अंतर से हरा देती है तो उसके भी सात अंक हो जाएंगे। इसके विपरीत यदि कैरेबियाई टीम भारत पर भारी पड़ती है तथा इस बीच होने वाले मैचों में बांग्लादेश अपने दोनों मैच जीत लेता है और दक्षिण अफ्रीका की टीम आयरलैंड को हराने के बाद बांग्लादेश से हार जाती है तो फिर भारतीय टीम की परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसी दशा में वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश की टीमें आठ-आठ अंक लेकर अगले दौर में पहुंचेगी जबकि भारत और इंग्लैंड के सात-सात अंक होंगे और उनमें से क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला नेट रन रेट से होगा। ग्रुप ए में ऐसी स्थिति नहीं दिख रही है। इस ग्रुप से न्यूजीलैंड की टीम आज कनाडा पर जीत से क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी है। उसके अब पांच मैच में आठ अंक हैं। श्रीलंका पांच मैच में सात अंक लेकर पहले ही अंतिम आठ में जगह बना चुका है क्योंकि इस ग्रुप से कनाडा और कीनिया नाकआउट की दौड़ से बाहर हो गयी हैं और यदि जिम्बाब्वे अगले दोनों मैच जीत जाता है तो तब भी उसके छह अंक ही होंगे। पाकिस्तान के चार मैच में छह अंक हैं और वह कल जिम्बाब्वे पर जीत दर्ज करके अगले चरण में जगह पक्की करने के लिये उतरेगा। ऑस्ट्रेलिया भी कीनिया पर जीत दर्ज करके ही दूसरे दौर में जगह बना लेगा। इसका मतलब है कि ग्रुप ए से चोटी की चारों टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी लेकिन ग्रुप बी में इंग्लैंड या भारत विशेषकर इंग्लैंड पर पहले दौर में बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।