शनिवार का मैच भारतीय बल्लेबाजों के लिए अहम होगा क्योंकि उन्हें मौजूदा समय की सर्वश्रेष्ठ नई गेंदबाजी जोड़ी स्टेन और मोर्कल का सामना करना पड़ेगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नागपुर:
विश्व कप में अब तक अजेय रहा भारत ग्रुप बी के अपने कड़े मुकाबले में शनिवार को जब द. अफ्रीका का सामना करेगा तो उसका इरादा सही संयोजन के साथ उतरने के अलावा अपनी कमजोरियों से पार पाना होगा। कुछ अहम खिलाड़ियों की फार्म भी टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है। आयरलैंड और हालैंड के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी की टीम का बल्लेबाजी क्रम मजबूत प्रदर्शन करने में विफल रहा और द. अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम के एकजुट होने की संभावना है। दूसरी तरफ द. अफ्रीका की टीम करीबी मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों छह रन की हार के बाद जीत की राह पर लौटने को बेताब होगी। भारतीय टीम अब तक अपने चार मैचों में अजेय रही है। उसे पिछले महीने बेंगलुरू में इंग्लैंड के खिलाफ ही अब तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है जब टीम 338 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद जीत दर्ज नहीं कर पाई और मैच टाई रहा। शनिवार का मैच भारतीय बल्लेबाजों के लिए अहम होगा क्योंकि उन्हें डेल स्टेन और मोर्ने मोर्कल के रूप में मौजूदा समय की सर्वश्रेष्ठ नई गेंदबाजी जोड़ी का सामना करना पड़ेगा। सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग की आक्रामक सलामी जोड़ी ने अधिकांश मैचों में अच्छी शुरुआत की है लेकिन वे इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों ने एक-एक शतक बनाया है लेकिन इनका इरादा नाकआउट से पहले एक और बड़ी पारी खेलने का होगा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
भारत, द. अफ्रीका, चुनौती