विज्ञापन
This Article is From Aug 14, 2016

रियो ओलिंपिक में भारत : ललिता बाबर ने 'सैटरडे' को बनाया 'सुपर', अन्य का निराशाजनक दौर जारी

रियो ओलिंपिक में भारत : ललिता बाबर ने 'सैटरडे' को बनाया 'सुपर', अन्य का निराशाजनक दौर जारी
ललिता बाबर (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: रियो ओलिंपिक में भारत के लिए लगभग हर दिन उम्मीद की नई किरण दिखती है और फिर गायब हो जाती है. शनिवार भी इस मामले में कुछ ऐसा ही रहा. बस दिन की एकमात्र उपलब्धि धाविका ललिता बाबर रहीं, जिन्होंने 32 साल बाद ओलिंपिक की ट्रैक स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीदों को जीवित रखा है, वहीं शूटिंग में एक बार फिर हमारा निशाना चूक गया और मेडल की दौड़ में ही हम शामिल नहीं हो पाए. कई अन्य एथलीटों ने भी देश का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन कोई भी आगे नहीं बढ़ पाया. भारत के लिए शनिवार कुछ इस प्रकार रहा-

पीटी उषा के बाद दूसरी भारतीय बनीं ललिता बाबर
3000 मीटर स्टीपलचेज की धाविका ललिता शिवाजी बाबर ने क्वालिफाइंग राउंड में 9 मिनट 19.76 सेकेंड का समय निकालते हुए हीट-2 में चौथा स्थान हासिल किया. ललिता फाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली 15 धाविकाओं में सातवें स्थान पर रहीं. ललिता से पहले 1984 में पीटी उषा ने ट्रैक स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई थी. उषा ने यह कमाल लास एंजिलिस में 400 मीटर की बाधा दौड़ में किया था. ललिता के अलावा भारत की अन्य प्रतिभागी सुधा सिंह को 30वां स्थान हासिल हुआ.

क्वार्टर फाइनल की दौड़ से बाहर महिला हॉकी टीम
36 साल बाद ओलिंपिक में खेल रही भारतीय महिला हॉकी टीम के नाम ओलिंपिक के लिए क्वालिफाइ करने की उपलब्धि ही रही और लीग मैचों में उसका निराशाजनक प्रदर्शन रहा. शनिवार को पूल बी के एक मुकाबले में अर्जेंटीना ने उसे 5-0 से करारी मात दी. इस प्रकार वह क्वार्टरफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई. टूर्नामेंट में वह केवल जापान से 2-2 से ड्रॉ खेल पाई.

शूटिंग : मैराज-गुरप्रीत उम्मीद जगाकर आउट
भारतीय निशानेबाज मैराज अहमद खान स्कीट में शूटऑफ मुकाबले के बाद सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके. मैराज सहित पांच शूटरों के अंक 121 हो जाने के कारण फैसला शूटऑफ से हुआ. स्कीट में मैराज ने पहले और दूसरे स्टेज को मिलाकर 121 अंक हासिल किए थे. एक अन्य शूटर गुरप्रीत सिंह 25 मीटर रैपिड फायर के फाइनल के लिए 2 अंक से क्वालिफाई नहीं कर सके. उन्होंने दूसरे दिन 292 अंक हासिल किए. गुरप्रीत शुक्रवार को 25 मीटर रैपिड फायर स्पर्धा के क्वालिफिकेशन स्टेज-1 में 289 अंक के साथ 10वें स्थान पर रहे थे.

ज्वाला-अश्विनी की हार की हैट्रिक
बैडमिंटन में महिला डबल्स में पहले ही बाहर हो चुकीं ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी अंतिम मैच में भी हार गईं. यह जोड़ी लगातार तीनों मैच हार गई. उनको थाईलैंड की पुतिता सुपाजिराकुल और सपसिरी तेरातनचई की जोड़ी ने 44 मिनट में 21-17, 21-15 से हराया.

एथलेटिक्स में और बुरा रहा हाल
ललिता को छोड़कर एथलेटिक्स में सभी भारतीयों ने निराश किया. पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में भारत के मनीष सिंह ने 13वां स्थान हासिल किया, भारत के दो अन्य एथलीट गणपति कृष्णन और गुरमीत सिंह रेस ही पूरी नहीं कर सके और अयोग्य करार दिए गए. महिलाओं के 100 मीटर फर्राटा दौड़ में भारत की निगाहें दुती चंद पर टिकी हुई थीं, लेकिन वह अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाईं और सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकीं. वह इस स्पर्धा के हीट में आठ धावकों के बीच सातवें स्थान पर रहीं.

लंबी कूद में अंकित शर्मा दो नाकाम प्रयासों के बाद अयोग्य करार दिए गए. पुरुषों की 400 मीटर स्पर्धा में भारत के मोहम्मद अनस याहिया ने क्वालिफाइंग हीट-7 में छठा स्थान हासिल किया. भारतीय महिला धावक निर्मला 400 मीटर स्पर्धा के पहले दौर में हारकर बाहर हो गईं. निर्मला हीट-1 में शामिल सात खिलाड़ियों में छठे स्थान पर रहीं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ललिता बाबर, रियो ओलिंपिक 2016, रियो ओलिंपिक, ओलिंपिक, रियो ओलिंपिक में भारत, Lalita Babar, Rio Olympics 2016, Rio Olympics, Olympics, India In Rio Olympics, India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com