पंजाब में विपक्षी पार्टियां सरकार से 32 लाख 44 हज़ार रुपये का हिसाब मांग रही हैं। दरअसल पंजाब के मुख्यमंत्री के लंदन ओलिंपिक दौरे पर आए ख़र्च का ये आंकड़ा आरटीआई के तहत आया था। विपक्षी पार्टियां कह रही हैं इस फिज़ूलखर्ची की क्या ज़रूरत थी।
गौरतलब है कि 2012 में लंदन ओलिंपिक देखने गए पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर विपक्षी दल कांग्रेस ने फिजूलखर्ची का यह आरोप लगाया है। बादल पर यह खर्च सात दिन के दौरे पर आया था।
इस यात्रा का मकसद एक खेलों पर एक रिपोर्ट तैयार करना भी था, जो रिपोर्ट अभी तक खेल परिषद को नहीं सौंपी गई है। इसलिए कांग्रेस का कहना है कि यह तो एक बहाना था। इस यात्रा का मकसद खेलों का मजा लेना था। इस मजे के लिए सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया।
बता दें कि प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान लंदन के फाइव स्टार होटल में एक दिन के लिए 4.92 लाख रुपये, ट्रैवल कंपनी को तीन दिन के पैकेज के लिए 16.75 लाख रुपये और हवाई यात्रा पर 9.32 लाख रुपये का खर्च किया गया। इतना ही नहीं पॉकेट मनी के मद के लिए भी 1.25 लाख रुपये आवंटित किए गए।
इस दौरे में सुखबीर सिंह बादल के साथ पूर्व हॉकी कप्तान परगत सिंह और दो अफसर भी गए थे।
इस बारे में जब खुद उपमुख्यमंत्री से सवाल किया गया तब वह मात्र मुस्कुरा कर चले गए।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं