श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान और उपुल थरांगा ने जिम्बाब्वे के लिए पहले विकेट के लिए 282 रन की साझेदारी करके विश्व कप का नया रिकॉर्ड बनाया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पाल्लेकल:
श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान और उपुल थरांगा ने गुरुवार को जिम्बाब्वे के लिए पहले विकेट के लिये 282 रन की साझेदारी करके विश्व कप का नया रिकॉर्ड बनाया। दिलशान ने 144 और थरांगा ने 133 रन बनाए। वह केवल चार रन से एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहले विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी के रिकार्ड की बराबरी करने से चूक गए। यह रिकार्ड श्रीलंका के ही सनथ जयसूर्या और थरांगा के नाम पर है जिन्होंने 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में 286 रन की साझेदारी की थी। विश्व कप में इससे पूर्व पहले विकेट की साझेदारी का रिकार्ड पाकिस्तान के सईद अनवर और वजीतुल्लाह वस्ती के नाम पर है जिन्होंने 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में 194 रन जोड़े थे। दिलशान और थरांगा ने विश्व कप में किसी भी विकेट के लिये दूसरी और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चौथी सबसे बड़ी साझेदारी निभायी। दिलचस्प बात यह है कि अब तक वन डे में केवल दो बार 300 से अधिक रन की साझेदारियां निभायी गयी और इन दोनों में पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ शामिल थे। द्रविड़ ने 1999 में सचिन तेंदुलकर के साथ हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे विकेट के लिये 331 रन की साझेदारी की थी। इससे पहले उन्होंने टांटन में श्रीलंका के खिलाफ 1999 विश्व कप में सौरव गांगुली के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिये 318 रन जोड़े थे जो आज भी इस क्रिकेट का महाकुंभ का रिकार्ड है।