आईबीएल के बाद डेढ़ महीने का ब्रेक लेकर वापसी करने वाली गत चैम्पियन साइना नेहवाल की निगाहें मंगलवार से ओडेन्से में क्वालीफायर से शुरू होने वाले 400,000 डॉलर इनामी राशि के डेनमार्क बैडमिंटन सुपर सीरीज प्रीमियर में सत्र का पहला खिताब हासिल करने पर लगी हैं।
साइना ने कहा, ‘‘मैं डेनमार्क की गत चैम्पियन हूं। यह मुश्किल होगा, लेकिन मैं खिताब बरकरार रखने की चुनौती के लिए तैयार हूं।’ यह चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय बुधवार को बुल्गारिया की स्टेफनी स्टोएवा (विश्व रैंकिंग में 58वें स्थान पर काबिज) के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
उन्होंने कहा, ‘मैं इंडियन बैडमिंटन लीग में अच्छी फार्म में थी। मैं अपना शत-प्रतिशत दूंगी और मुझे डेनमार्क में अच्छा करने की उम्मीद है।’ दुनिया की चौथे नंबर की भारतीय शुरुआती आईबीएल में शानदार फार्म में थी और टूर्नामेंट में उसे किसी भी मुकाबले में हार नहीं मिली थी। उसने अपने सभी सात मैच जीते थे।
इसके बाद साइना ने थकान दूर करने के लिए कुछ टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया और अब वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए मजबूती हासिल कर चुकी हैं।
साइना ने कहा, ‘आईबीएल के बाद मैं थकी हुई थी और मैंने ब्रेक लिया जो अच्छा रहा। मैंने पिछले एक डेढ़ महीने में कड़ी ट्रेनिंग की है और अब मैं पूरी तरह फिट हूं।’
साइना इस सत्र में अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में नहीं थी और इस 23 वर्षीय को कुछ चोट की चिंतायें भी रही जिसका असर उनके प्रदर्शन पर भी दिखा क्योंकि वह केवल क्वार्टरफाइनल और सेमी-फाइनल तक ही पहुंच सकी। इसलिए अगर वह यहां अपना खिताब हासिल कर लेती है तो यह साल का उनका पहला खिताब होगा।
साइना के लिए हालांकि इसका सफर आसान नहीं होगा क्योंकि क्वार्टरफाइनल में उनकी भिड़ंत दुनिया की छठे नंबर की दक्षिण कोरिया की जि हुन सुंग से हो सकती है। अगर वह अपना 4-0 का रिकॉर्ड बरकरार रखती है तो वह शीर्ष वरीय चीन की लि जुरेई से भिड़ सकती हैं जो अपने अभियान की शुरुआत भारत की अरुंधति पंतावने के खिलाफ करेंगी।
महिला एकल में एक अन्य भारतीय और विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदकधारी पीवी सिंधू को पहले राउंड में मुश्किल चुनौती का सामना करना होगा। वह पहले राउंड में जापान की 17वें नंबर की एरिको हिरोसे से भिड़ेगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं