विज्ञापन
This Article is From Mar 27, 2011

कमांडो फोर्स ने की वानखेड़े स्टेडियम की जांच

मैचों पर मंडराते आतंकवादी खतरों की खुफिया जानकारियों के बीच महाराष्ट्र की कमांडो फोर्स फोर्स वन ने वानखेड़े स्टेडियम की जांच की।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई: आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैचों पर मंडराते आतंकवादी खतरों की खुफिया जानकारियों के बीच महाराष्ट्र की कमांडो फोर्स फोर्स वन ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम की जांच की। पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि भले ही भारत फाइनल में पहुंचे या पाकिस्तान, सुरक्षा एजेंसियां कोई कसर नहीं छोड़ना चाहतीं। विश्व कप का फाइनल मैच दो अप्रैल को वानखेड़े में ही खेला जाएगा। उन्होंने बताया, दो अप्रैल के पहले, शहर की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के लिए रिहर्सल करेगी। फोर्स वन के एक दल ने हाल ही में मैदान की जांच की है। अधिकारी के मुताबिक, दल ने स्टेडियम के प्रवेश और निर्गम बिंदुओं, वहां बैठने की व्यवस्था, आसपास की इमारतों और नजदीकी इमारतों की छतों का भी दौरा किया, जहां से स्टेडियम दिखाई देता है। वहीं फोर्स वन के प्रमुख सदानंद दाते ने सुरक्षा कारणों से इस जांच पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस जांच का उद्देश्य जरूरी सावधानियां बरतना और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था। मुंबई पर 26/11 हमलों के बाद फोर्स वन का गठन किया गया था। मैच के दिन स्टेडियम के दो किमी के दायरे में कई स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। स्टेडियम के भीतर खाने का कोई सामान नहीं ले जाने दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, शहर की पुलिस के अलावा मैच के दौरान स्टेडियम के बाहर और भीतर स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स और त्वरित प्रतिक्रिया दल के जवानों को भी तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्टेडियम के आस-पास कम से कम 1,500 जवान तनात रहेंगे। खुफिया जानकारियों में कहा गया था कि आतंकवादी विस्फोटकों से लदे वाहनों से भी हमला कर सकते हैं, इस आशंका को देखते हुए, शहर की पुलिस ने स्टेडियम के बाहर एक किमी के दायरे में वाहन खड़े न करने देने का फैसला किया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
कमांडो, क्रिकेट, स्टेडियम, सुरक्षा, वानखेड़े, Commando, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com