ऑस्ट्रेलिया विश्व कप ग्रुप ए के बेमेल मुकाबले में जब कनाडा से भिड़ेगा तो उसके स्पिनरों का लक्ष्य बड़े मैचों से पहले अपनी उपयोगिता साबित करने का होगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बेंगलुरू:
क्वार्टरफाइनल में पहले ही जगह बना चुका गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया बुधवार को विश्व कप ग्रुप ए के बेमेल मुकाबले में कनाडा से भिड़ेगा तो उसके स्पिनरों का लक्ष्य बड़े मैचों से पहले अपनी उपयोगिता साबित करने का होगा। ऑस्ट्रेलिया ने कीनिया को 60 रन से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है लेकिन उसके गेंदबाजों खास तौर पर स्पिनरों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों को विश्व कप में अभी तक चार ही विकेट मिल सके हैं लिहाजा कनाडा के खिलाफ यह मैच उनके लिये अपनी उपयोगिता साबित करने का सुनहरा मौका है । कीनिया के खिलाफ खेलने वाली आस्ट्रेलियाई टीम में किसी बदलाव की गुंजाइश नहीं है लेकिन कप्तान रिकी पोंटिंग की अपेक्षा होगी कि उनके स्पिनर अपनी छाप छोड़ सकें । विशेषज्ञ स्पिनर जासन क्रेजा और स्टीव स्मिथ को एक एक ही विकेट मिल सका है। माइकल क्लार्क भी नाकाम रहे हैं। स्पिनरों की मददगार उपमहाद्वीप की विकेटों पर ब्रेट ली, शान टैट और मिशेल जानसन की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने 21.76 की औसत से 21 विकेट लिए हैं। कीनिया के खिलाफ क्रेजा और स्मिथ ने बीच के ओवरों में रन गंवाए जबकि श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा ने बारिश से धुले मैच में उन्हें आसानी से खेला। पोंटिंग ने कहा,मैं चाहूंगा कि स्पिनर कामयाबी हासिल करेंगे। बीच के ओवरों में जब गेंद पुरानी हो जाती है और विकेट स्पिन लेने लगता है तब हमारे स्पिनरों को विकेट लेने चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
कनाडा, ऑस्ट्रेलिया