विज्ञापन
This Article is From Apr 12, 2015

एंडी मर्रे ने गर्लफ्रेंड किम सियर्स संग रचाई शादी

स्कॉटिश टेनिस खिलाड़ी एंडी मर्रे अपनी गर्लफ्रेंड किम सियर्स से विवाह बंधन में बंध गए हैं। स्कॉटलैंड के डनब्लेन स्थित 12वीं सदी के ऐतिहासिक कैथेड्रल चर्च में दोनों की शादी परंपरागत तौर तरीके से हुई।

27 साल के मर्रे और उनकी हम उम्र सियर्स के बीच पिछले दस साल से अफेयर चल रहा था, जिसके बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया। दोनों की पहली मुलाकात साल 2005 के यूएस ओपन के दौरान हुई और बीते साल नवंबर में दोनों की सगाई हुई थी।

किम सियर्स अंग्रेजी साहित्य की ग्रेजुएट और पेशे से पेंटर हैं। लेकिन बीते एक दशक के दौरान टेनिस कोर्ट में वे हमेशा एंडी मर्रे का उत्साह बढ़ाते नजर आईं।

वैसे एंडी मर्रे और किम सियर्स के बीच 2009 में ब्रेकअप की ख़बरें भी आईं थीं, लेकिन यह ब्रेकअप छह महीने से ज्यादा लंबा नहीं चला। ब्रिटिश मीडिया में इस ब्रेकअप की वजह भी दिलचस्प बताई गई थी। तब कहा गया था कि मर्रे के वीडियो गेम्स की लत से किम सियर्स परेशान हो गईं थीं। लेकिन जल्दी ही दोनों एक हो गए।

एंडी मर्रे ने शादी के मौके पर परंपरागत परिधान किल्ट पहना हुआ था, जो लड़कियों की स्कर्ट जैसा पोशाक होता है। वहीं दूसरी ओर किम सियर्स ने इंब्रॉडेड सफेद गाउन धारण किया हुआ था। इस दौरान किम सियर्स के चेहरे से मुस्कान साफ झलक रही थी, वहीं अपनी तूफानी सर्विस से टेनिस दिग्गजों को टक्कर देने वाली एंडी मर्रे नवर्स नजर आ रहे थे। उनसे शादी के बारे में जब पूछा गया तो सकुचाते हुए उन्होंने बस इतना ही कहा, 'ऑलराइट, थैंक्स।'

वैसे तो मर्रे की शादी के दौरान मौसम मेहरबान नहीं था और जमकर बारिश भी हुई, लेकिन इससे मर्रे और किम के चाहने वालों के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। विंबलडन और अमरीकी ओपन ग्रैंड स्लैम का खिताब जीत चुके एंडी मर्रे को बधाई देने के लिए पूर्व ब्रिटिश नंबर वन टेनिस खिलाड़ी टीम हेनमैन भी अपनी पत्नी लुसी हेनमैन के साथ वहां मौजूद थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एंडी मर्रे, टेनिस खिलाड़ी एंडी मर्रे, किम सियर्स, एंडी मर्रे की शादी, Andy Murray, Andy Murray Marriage, Kim Sears, Tennis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com