विज्ञापन
This Article is From Aug 31, 2016

अमेरिकी ओपन : इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े एंडी मरे, सेरेना विलियम्स दूसरे दौर में

अमेरिकी ओपन : इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े एंडी मरे, सेरेना विलियम्स दूसरे दौर में
सेरेना विलियम्स (फाइल फोटो)
न्यूयार्क: विंबलडन चैंपियन एंडी मरे और सेरेना विलियम्स ने बुधवार को एकतरफा मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली. सेरेना ने दुनिया की 29वें नंबर की खिलाड़ी रूस की एकाटेरिना मकारोवा को 6-3, 6-3 से हराया.

पिछले कुछ समस ये बाएं कंधे को लेकर परेशान रहीं सेरेना बिल्कुल भी दिक्कत में नहीं लगी और उन्होंने 63 मिनट चले मुकाबले में एक दर्जन ऐस लगाने के अलावा 27 विनर भी लगाए.

सेरेना के पास इतिहास रचने का मौका है और अगर वह यहां खिताब जीत लेती हैं तो ओपन युग में सर्वाधिक 22 एकल ग्रैंडस्लैम खिताब का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी. अभी उनके जर्मनी की स्टेफी ग्राफ के बराबर 21 खिताब हैं. सर्वकालिक रिकॉर्ड मारग्रेट कोर्ट के नाम है जिन्होंने 24 मेजर खिताब जीते थे.

सेरेना पिछले कुछ समय से खिताब जीतने के लिए जूझ रही हैं, वहीं मरे ने आल इंग्लैंड क्लब में अपना दूसरा खिताब जीतने के बाद रियो ओलिंपिक में अपने खिताब का बचाव भी किया.

मैच के बाद सेरेना ने कहा, "मैं धीमी शुरुआत नहीं चाहती थी, इसलिए मैंने तेज शुरुआत की." दाहिने कंधे में चोट के कारण सेरेना ने विबंलडन के बाद सिर्फ तीन ही एकल मुकाबले खेले हैं. उन्होंने कहा, "मुझे कल तक का इंतजार करना होगा. मैंने विबंलडन के बाद से ज्यादा नहीं खेला है. इसलिए मुझे हर दिन के खेल पर नजर बनाए रखनी पड़ती है."

ओपन युग में एक ही कैलेंडर वर्ष में चारों ग्रैंडस्लैम के फाइनल में जगह बनाने वाला चौथा पुरुष खिलाड़ी बनने के लिए चुनौती पेश कर रहे मरे ने भी एकतरफा मुकाबले में चेक गणराज्य के लुकास रोसोल को 6-3, 6-2, 6-2 से हराया.

सेरेना की बड़ी बहन वीनस ने भी रिकॉर्ड 72वीं बार किसी मेजर टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा में खेलते हुए उक्रेन की कैटरीना कोजलोवा को 6-2, 5-7, 6-4 से हराया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एंडी मरे, सेरेना विलियम्स, टेनिस, अमेरिकी ओपन, Andy Murray, Serena Williams, Tennis, American Open
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com