बेटी न्योमिका की पहली चावल रस्म की पापा रणदीप हुड्डा ने शेयर की तस्वीरें, लिखा- हमेशा के लिए संजोकर रखना चाहता हूं
रणदीप हुड्डा ने बेटी न्योमिका की पहली चावल रस्म की तस्वीरों को फैंस के साथ शेयर किया है, जिसमें वह परिवार के साथ खास जश्न मनाते नजर आ रहे हैं.
-
रणदीप हुड्डा ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि कुछ पल ऐसे होते हैं, जिन्हें इंसान हमेशा के लिए अपने पास संभालकर रखना चाहता है. उन्होंने कहा कि न्योमिका का चाकुम्बा समारोह भी उनके लिए ऐसा ही एक यादगार पल था. उन्होंने अपनी बेटी के जीवन के इस नए पड़ाव पर आशीर्वाद देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया.
-
शेयर की गई तस्वीरों में रणदीप हुड्डा अपनी पत्नी लिन लैशराम और बेटी न्योमिका के साथ नजर आए. पहली तस्वीर में रणदीप अपनी पत्नी के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं, जहां लिन ने बेटी को अपनी गोद में लिया हुआ है. इसके अलावा अभिनेता ने अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बिताए खूबसूरत पलों को भी साझा किया.
-
एक तस्वीर में लिन लैशराम अपनी बेटी को गोद में लिए नजर आ रही हैं, जबकि रणदीप अपनी बेटी के साथ प्यार भरे अंदाज में समय बिताते दिखाई दे रहे हैं. वहीं, एक अन्य तस्वीर में समारोह में शामिल मेहमान जमीन पर बैठकर पारंपरिक भोजन का आनंद लेते नजर आए. इन तस्वीरों में परिवार की खुशियां और पारंपरिक माहौल साफ दिखाई दे रहा है.
-
बता दें कि चाकुम्बा मणिपुरी मैतेई समुदाय की एक पारंपरिक रस्म है. यह समारोह बच्चे के जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है. इस रस्म के दौरान बच्चे को पहली बार ठोस आहार, खासकर चावल खिलाया जाता है. यह बच्चे के दूध से आगे बढ़कर सामान्य भोजन की शुरुआत का प्रतीक होता है.