Heatwave Alert School Close: दिल्ली से लेकर यूपी और राजस्थान तक, तमाम राज्यों में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है. भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए कई राज्यों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है. कुछ राज्यों ने गर्मी की छुट्टियां समय से पहले ही दे दी हैं, वहीं कुछ राज्य इन्हें आगे बढ़ा रहे हैं. देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के आसपास चला गया है, ऐसे में लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है. आइए जानते हैं कि दिल्ली समेत देश के किन राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं.
दिल्ली में बंद हो चुके हैं स्कूल
दिल्ली में सरकारी स्कूलों को 11 मई से ही बंद कर दिया गया था. राजधानी में स्कूल अब सीधे 1 जुलाई को खोले जाएंगे. वहीं प्राइवेट स्कूलों ने भी छुट्टियां देना शुरू कर दिया है. 20 मई तक लगभग सभी स्कूलों में छुट्टियां शुरू हो जाएंगीं.
यूपी में भी शुरू होंगी छुट्टियां
भीषण गर्मी के चलते यूपी के कुछ जिलों में स्कूलों को आंशिक तौर पर बंद किया जा रहा है, लेकिन 20 मई से गर्मी की छुट्टियां भी शुरू हो रही हैं. यूपी में स्कूल 15 जिन तक बंद रहेंगे. नोएडा और गाजियाबाद जैसे जिलों के प्रशासन ने स्कूलों को यह निर्देश भी दिया है कि छुट्टियां शुरू होने तक कक्षाएं केवल सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच ही चलाई जाएं.
राजस्थान में बंद हो चुके हैं स्कूल
राजस्थान सरकार ने 17 मई से 20 जून 2026 तक गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा की है. इस बार राज्य में गर्मी की छुट्टियों में कटौती की गई है, यही वजह है कि अभिभावक जून में ही स्कूल खोले जाने का विरोध कर रहे हैं.
बिहार में 1 जून से शुरू होंगी छुट्टियां
बिहार के स्कूलों में 1 जून से 20 जून 2026 तक गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी. हालांकि भीषण गर्मी के चलते पटना में कक्षा 8 की क्लासेस 11 बजे तक ही चलाने का फैसला लिया गया है.
हरियाणा के छात्रों को करना होगा इंतजार
बिहार की तरह हरियाणा के छात्रों को भी थोड़ा इंतजार करना होगा. हरियाणा में स्कूल 1 जून से 30 जून 2026 तक बंद रहेंगे. राज्य सरकार ने बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूलों से नए शेड्यूल का पालन करने के लिए कहा है.
पंजाब में भी कब से बंद हो रहे हैं स्कूल?
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, पंजाब के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां 25 मई 2026 से शुरू होंगी, जिसके बाद 1 जुलाई से दोबारा स्कूल खोले जाएंगे. हालांकि भीषण गर्मी के बाद माना जा रहा है कि अगले कुछ ही दिनों में छुट्टियों का ऐलान किया जा सकता है.
बाकी राज्यों का क्या है हाल?
बाकी राज्यों की बात करें तो तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 24 अप्रैल से 11 जून 2026 तक स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा की है. यानी यहां स्कूलों को पहले ही बंद किया जा चुका है. इसके अलावा ओडिशा में भी भीषण गर्मी के बाद सरकार ने गर्मियों की छुट्टियों को समय से पहले बढ़ाते हुए 27 अप्रैल 2026 से ही शुरू कर दिया था. छत्तीसगढ़ में भी 20 अप्रैल से स्कूलों को बंद कर दिया गया था, जो अब 15 जून तक खुलेंगे. पश्चिम बंगाल में स्कूल 11 मई से बंद हैं, जो 1 जून को खोले जाएंगे.