राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की स्कूल लेक्चरर परीक्षा में जयपुर से एक वीडियो सामने आया है. गांधी नगर स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर एक छात्रा फूट-फूटकर रोती दिखी. छात्रा परीक्षा देने पहुंची, लेकिन उसे प्रवेश नहीं मिला. करीब 20 मिनट देरी से पहुंचने के चलते अभ्यर्थी को प्रवेश देने से मना कर दिया गया था. उसके साथ मौजूद एक लड़का सुरक्षाकर्मियों से बात करता रहा और छात्रा ने भी खूब गुहार लगाई. नियमों का हवाला देते हुए सुरक्षाकर्मियों ने प्रवेश से मना कर दिया. यह सुनते ही छात्रा भावुक हो गई.
सुरक्षाकर्मियों ने बताया नियम, रोने लगी लड़की
छात्रा ने बताया कि वह आगरा से परीक्षा देने के लिए जयपुर पहुंची थी, लेकिन उसे देर हो गई. तभी सुरक्षाकर्मियों ने पूछा कि राजस्थान के नियम तो पता है? इसके बाद छात्रा ने काफी तर्क दिए और जब गेट नहीं खोला गया तो वह केंद्र से दूर सड़क पर जाकर बैठ गई. केंद्र के बाहर काफी देर तक रोती रही. इस दौरान परिजन उसे समझाते हुए भी नजर आए.
गाइडलाइन को लेकर भी दिखा कंफ्यूजन
कुछ महिला अभ्यर्थियों में गाइडलाइन को लेकर असमंजस रहा.
कई परीक्षा केंद्रों पर ड्रेस कोड को लेकर कुछ असमंजस भी देखने को मिला. महिला अभ्यर्थियों से दुपट्टा, आभूषण जैसे नाक की बाली और कड़े और चूड़ियां उतरवाए गए. हालांकि केंद्र अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि दुपट्टा पहनकर आने की अनुमति है, जिसे परीक्षा कक्ष के बाहर रखा जा सकता है.
कुल 3 हजार 944 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा
आरपीएससी की भर्ती परीक्षा में कुल 3 हजार 944 पदों के लिए एग्जाम जारी है, जो 5 जून तक चलेगी. आयोग की ओर से 4 ग्रुप ए, बी , सी, डी ग्रुप बनाए गए हैं. इसके हिसाब से परीक्षा का आयोजन होगा. पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से आयोजित की गई. पहली पारी में सामान्य ज्ञान का पेपर हो रहा है. वहीं, दूसरी पारी में हिन्दी विषय की परीक्षा होगी. परीक्षा में कुल 5 लाख 49 हजार से अधिक अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं. प्रदेशभर में 868 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सबसे अधिक 183 केंद्र जयपुर में हैं.
यह भी पढ़ेंः कोटा में चलते ऑटो पर गिरा पेड़, राजसमंद में गुल रही बिजली, राजस्थान में रेतीले तूफान और बारिश का अलर्ट