1 घंटे पहले गेट बंद, OMR में 5वां गोला, नीट पेपर लीक से सबक, राजस्थान SI भर्ती री-एग्जाम के 8 कड़े नियम

क्या आप भी SI 2021 का री-एग्जाम दे रहे हैं? इस बार 1 घंटे पहले गेट बंद होने से लेकर लाइव फोटो वेरिफिकेशन तक बहुत कुछ बदल गया है. पूरी लिस्ट यहां चेक करें...

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Rajasthan SI Bharti 2026: परीक्षा को लेकर RPSC के 8 कड़े नियम लागू, 1.53 लाख अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
IANS

Rajsathan News: नीट पेपर लीक विवाद के बाद हर कोई चाहता है कि परीक्षाएं बिना किसी धांधली के हों. इसी बात को ध्यान में रखते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने SI भर्ती री-एग्जाम के लिए अपनी कमर कस ली है. इस बार परीक्षा में 8 ऐसे सख्त नियम लागू किए जा रहे हैं, जो नकल और डमी कैंडिडेट्स पर पूरी तरह लगाम कस देंगे. चूंकि इस बार नियम बिल्कुल नए हैं, इसलिए परीक्षा हॉल में जाने से पहले हर अभ्यर्थी के लिए इन्हें जानना बेहद जरूरी है.

आइए जानते हैं उन 8 बड़े बदलावों के बारे में जो इस बार किए गए हैं...

1. परीक्षा से 1 घंटे पहले बंद हो जाएंगे गेट

एग्जाम सेंटर पर किसी भी तरह की बाहरी गड़बड़ी या दखलंदाजी रोकने के लिए एक सख्त नियम बना है. सभी उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने के तय समय से एक घंटा पहले सेंटर के अंदर जाना होगा. इसके बाद एंट्री बंद हो जाएगी और तभी प्रश्न पत्र सेंटर के अंदर लाए जाएंगे.

2. सिर्फ आधा घंटा पहले आएंगे पेपर

अब प्रश्न पत्र परीक्षा शुरू होने से करीब आधा घंटा पहले ही सेंटर पर पहुंचेंगे. ये पेपर ऐसे मेटल बॉक्स में आएंगे जिनमें डिजिटल लॉक लगा होगा. सबसे खास बात यह है कि इस बॉक्स को खोलने से लेकर पेपर बांटने तक की पूरी प्रक्रिया कैमरे में रिकॉर्ड की जाएगी.

3. लाइव फोटो से होगी असली पहचान

दूसरों की जगह परीक्षा देने वाले डमी कैंडिडेट्स को पकड़ने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन के समय ली गई उम्मीदवार की लाइव फोटो का इस्तेमाल होगा. परीक्षा के दौरान रिकॉर्ड किए गए वीडियो और उस OTR वाली फोटो का मिलान करके ही पहचान पक्की की जाएगी.

Advertisement

4. आपकी लिखावट भी बनेगी सबूत

परीक्षा हॉल के अंदर हर उम्मीदवार से एक तय वाक्य लिखवाया जाएगा. आपकी इस लिखावट को आयोग अपने रिकॉर्ड में सुरक्षित रखेगा, ताकि अगर भविष्य में कोई शक हो, तो आपकी हैंडराइटिंग का मिलान किया जा सके.

5. एडमिट कार्ड हुआ डिजिटली सिक्योर

अब आपके एडमिट कार्ड पर QR कोड और वॉटरमार्क का होना बहुत जरूरी है. सेंटर पर इस क्यूआर कोड को स्कैन करके उम्मीदवार की सारी जानकारी तुरंत चेक कर ली जाएगी.

Advertisement

6. OMR शीट में कोई भी सवाल खाली नहीं छोड़ सकेंगे

OMR शीट में अब 4 की जगह 5 विकल्प दिए जाएंगे. अगर आप किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहते हैं, तो भी आपको वो 5वां गोला अनिवार्य रूप से भरना ही होगा. सवाल को पूरी तरह खाली छोड़ने की छूट अब खत्म कर दी गई है.

7. इंटरव्यू बोर्ड का नाम रखा जाएगा सीक्रेट

इंटरव्यू में पूरी पारदर्शिता रखने के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है. इसका मतलब है कि उम्मीदवार को पहले से बिल्कुल भी नहीं पता होगा कि उसका इंटरव्यू कौन सा बोर्ड लेने वाला है.

8. अटेंडेंस शीट में फिंगरप्रिंट और बड़ी फोटो

परीक्षा केंद्र पर हाजिरी वाले फॉर्म में अब उम्मीदवार की पहले से काफी बड़ी फोटो लगी होगी. साथ ही, वहां आपके फिंगरप्रिंट भी लिए जाएंगे. इससे परीक्षा के वक्त और बाद में आपकी पहचान करना काफी आसान हो जाएगा.

7 सुरक्षा घेरों से गुजरकर पहुंचेगा आपका पेपर

नीट परीक्षा में पेपर के सेंटर तक पहुंचने में हुई सेंधमारी से सबक लेते हुए RPSC ने इस बार कड़े इंतजाम किए हैं. पेपर लीक जैसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए प्रश्न पत्रों को मल्टी-लेयर सिक्योरिटी के साथ सेंटर तक पहुंचाया जाएगा. पेपर एक खास पैकिंग में सील होने के बाद डिजिटल लॉक वाले मेटल बॉक्स में रखे जाएंगे और इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी.

Advertisement
आधे से ज्यादा उम्मीदवारों ने परीक्षा से बनाई दूरी

इन नई और सख्त व्यवस्थाओं के बीच एक दिलचस्प आंकड़ा भी सामने आया है. SI भर्ती-2021 की पहली परीक्षा में 3 लाख 83 हजार से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे. लेकिन री-एग्जाम के लिए जब दोबारा आवेदन अपडेट करने को कहा गया, तो केवल 1 लाख 53 हजार लोगों ने ही परीक्षा देने की इच्छा जताई है. यानी एक बहुत बड़ी संख्या ने इस परीक्षा से दूरी बना ली है.

859 पदों को भरने के लिए दोबारा हो रहा एग्जाम

आयोग कुल 859 पदों के लिए यह परीक्षा दोबारा करवा रहा है. चूंकि उम्मीदवारों की संख्या पहले के मुकाबले काफी कम रह गई है, इसलिए अब इस परीक्षा को कई शिफ्ट की बजाय सिर्फ एक ही दिन में पूरी कराने की तैयारी चल रही है. इन सभी नए नियमों के साथ, यह परीक्षा राजस्थान की सबसे कड़ी निगरानी वाली भर्तियों में से एक मानी जा रही है.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- SI भर्ती 2021 री-एग्जाम को लेकर बड़ा अपडेट, RPSC ने डेटा जारी कर कहा- 30 मई तक है आखिरी मौका

Featured Video Of The Day
ऑफिस में चाकू से किए 30 वार, ब्रेकअप के बाद पूर्व प्रेमी के सिर पर था खून सवार