देशभर में मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन की खबर से शोक की लहर फैल गई है. संगीत जगत की इस बड़ी हस्ती के जाने से हर कोई दुखी नजर आ रहा है. लेकिन सबसे बड़ा झटका उनकी पोती जनाई भोसले को लगा है. अंतिम संस्कार के दौरान वो फूट-फूट कर रोती नजर आईं और उनका दर्द साफ दिख रहा था. अब जनाई ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपनी दादी के लिए दिल छू लेने वाली बातें लिखी हैं. ये पोस्ट इतना इमोशनल है कि इसे पढ़कर किसी की भी आंखें नम हो सकती हैं. उन्होंने अपने रिश्ते, यादों और उस खालीपन का जिक्र किया है जो अब उनकी जिंदगी में रह गया है.
जनाई भोसले का पोस्ट में छलका दर्द
जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर अपनी दादी के लिए एक बेहद भावुक पोस्ट लिखा है. उन्होंने लिखा कि, 'आज सुबह जब मैं उठी तो मुझे एहसास हुआ कि मैंने अपनी पार्टनर इन क्राइम, अपनी सबसे अच्छी दोस्त, उस इंसान को खो दिया जिसने मेरी पूरी दुनिया को पूरा किया और जिसने मुझे जन्म के समय सबसे पहले अपनी बाहों में लिया था. अब मैं क्या करूं. मैं सुबह उठकर किसे गले लगाऊं और किसके साथ चाय पियूं. जब मैं घर आऊंगी तो मेरा इंतजार कौन करेगा और मैं किसके साथ अपनी बातें शेयर करूंगी.'
ये भी पढे़ं- आशा भोसले की निधन की खबर से पाकिस्तान में बवाल, इस वजह से न्यूज चैनल को मिला नोटिस
जनाई ने आगे लिखा, 'ये सिर्फ कुछ बातें हैं जो उन्हें याद करने के लिए काफी हैं, लेकिन जो भी लोग इस दुख को मेरे साथ महसूस कर रहे हैं, वो ये याद रखें कि वो जिंदगी और हंसी की पहचान थीं, इसलिए अगर उन्हें याद करें तो हमेशा उसी तरह याद करें. वो हम सबको ऊपर से देख रही हैं, खासकर अपने परिवार को और मुझे यकीन है कि वो बहुत जल्द मेरे पास वापस आएंगी, क्योंकि उन्होंने हमेशा मुझसे यही वादा किया था. मैंने अपनी जिंदगी का प्यार खो दिया है और इससे बड़ा कोई दुख नहीं हो सकता, इसलिए मैं आप सभी से कहती हूं कि अपनी जिंदगी को पूरी तरह जिएं और उनकी जिंदगी को उसी तरह सेलिब्रेट करें. आई लव यू आशाई, अभी के लिए अलविदा... मुझे पता है आप हमेशा मेरे साथ रहेंगी, बस उस पल का इंतजार है जब आप वापस आएंगी और मुझे फिर से गले लगाएंगी.'
दादी को बताया ‘पार्टनर इन क्राइम'
जनाई भोसले ने अपने पोस्ट में अपनी दादी को ‘पार्टनर इन क्राइम' और अपनी सबसे करीबी दोस्त बताया. उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें आशा भोसले उन्हें देखकर गाना गाती नजर आ रही हैं. ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर भावुक हो रहे हैं.
लोगों से की खास अपील
जनाई ने लोगों से अपील की कि उनकी दादी को हमेशा खुशमिजाज और जिंदगी से भरपूर इंसान के रूप में याद रखा जाए. उन्होंने कहा कि वो हंसी और खुशी की पहचान थीं और सभी को उनकी जिंदगी को सेलिब्रेट करना चाहिए. जनाई ने ये भी लिखा कि उन्हें यकीन है कि उनकी दादी हमेशा उनके साथ रहेंगी और उनकी यादें कभी खत्म नहीं होंगी.
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
आशा भोसले का 12 अप्रैल को मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण निधन हो गया था. उन्हें एक दिन पहले ही ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था. वह 92 साल की थीं. मुंबई के शिवाजी पार्क में सोमवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया. इस दौरान रणवीर सिंह, विकी कौशल और आमिर खान समेत कई बड़े सितारे उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे. आशा भोसले के निधन से फिल्म और संगीत जगत में गहरा शोक है. उनकी आवाज और उनके गाए हजारों गीत हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे.
ये भी पढे़ं- साउथ में सुपरहिट फिल्म का नहीं था मुकाबला, बॉलीवुड ने 180 करोड़ बजट में बनाया ऐसा रीमेक, बनीं साल की सबसे बड़ी फ्लॉप