बॉक्स ऑफिस पर शुरू हुई यश की आंधी, टॉक्सिक ने एडवांस बुकिंग खुलते ही कर डाली करोड़ों की कमाई

यश की कमबैक फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज से पहले ही अमेरिका में 1.16 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स कर ली है और अब भारत में एडवांस बुकिंग का इंतजार है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
एडवांस बुकिंग में धमाका कर रही यश की टॉक्सिक

चार साल बाद यश बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं और उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' की रिलीज में अब सिर्फ एक हफ्ते का वक्त बचा है. गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस क्राइम-थ्रिलर को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है. फिल्म के टीजर और ट्रेलर ने पहले ही माहौल बना दिया है. भारत में इसकी एडवांस बुकिंग 21 अगस्त से शुरू होगी, लेकिन अमेरिका में टिकटों की बिक्री ने अभी से रफ्तार पकड़ ली है. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अमेरिकी बाजार में प्री-सेल्स से 1,21,258 डॉलर यानी करीब 1.16 करोड़ रुपये कमा लिए हैं.

अमेरिका में रिलीज से पहले ही करोड़ों का खेल

अमेरिका में ‘टॉक्सिक' को लेकर जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसने फिल्म की ओपनिंग को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, नॉर्थ अमेरिका में अब तक 204 लोकेशन पर 589 शोज के लिए 5,550 से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. इन टिकटों से 1,21,258 डॉलर की कमाई हुई है. खास बात यह है कि फिल्म की रिलीज में अभी सात दिन बाकी हैं और बुकिंग हर दिन करीब 10 हजार डॉलर की रफ्तार से बढ़ रही है.

राज्यवार आंकड़ों में टेक्सास सबसे आगे है. यहां करीब 1,984 टिकट बिक चुके हैं और लगभग 47 हजार डॉलर की कमाई हुई है. कैलिफोर्निया करीब 19,244 डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर है. वहीं जॉर्जिया, वॉशिंगटन और न्यू जर्सी जैसे इलाकों से भी मजबूत प्री-सेल्स देखने को मिल रही हैं.

क्या यश लगाएंगे 100 करोड़ ओपनिंग की हैट्रिक?

‘टॉक्सिक' को लेकर सबसे बड़ी चर्चा इसकी ओपनिंग को लेकर है. ट्रेड सर्किल में अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर फिल्म दुनिया भर में पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने में सफल रहती है, तो यश लगातार तीसरी ऐसी फिल्म देने वाले अभिनेता बन सकते हैं, जिसने 100 करोड़ से अधिक की ग्लोबल ओपनिंग की हो. यश की लोकप्रियता को देखते हुए यह उम्मीद पूरी तरह बेवजह भी नहीं है. ‘KGF' और ‘KGF: Chapter 2' ने उन्हें पैन-इंडिया स्टार के तौर पर स्थापित किया है. अब उनकी कमबैक फिल्म से भी बॉक्स ऑफिस पर बड़े धमाके की उम्मीद की जा रही है.

Advertisement

प्रभास के रिकॉर्ड से होगी यश की टक्कर

फिलहाल भारतीय सिनेमा में प्रभास के नाम लगातार बड़ी ओपनिंग का शानदार रिकॉर्ड है. उनकी ‘आदिपुरुष' ने 128.08 करोड़, ‘सालार' ने 158.12 करोड़, ‘कल्कि 2898 AD' ने 177.72 करोड़ और ‘द राजा साब' ने 100.20 करोड़ रुपये की ग्लोबल ओपनिंग दर्ज की थी. अगर ‘टॉक्सिक' भी पहले दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाती है, तो यश इस खास क्लब में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा सकते हैं. उनकी अगली बड़ी फिल्म ‘रामायणम्' से भी इसी तरह के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.

तेलुगू वर्जन ने कन्नड़ को छोड़ा पीछे

अमेरिका में ‘टॉक्सिक' की बुकिंग का एक दिलचस्प पहलू भाषा के हिसाब से सामने आया है. यश की फिल्म होने के बावजूद वहां तेलुगू वर्जन टिकट बिक्री के मामले में कन्नड़ से आगे निकल गया है. तेलुगू वर्जन के करीब 3,052 टिकट बिके हैं, जिससे 66,896 डॉलर की कमाई हुई है. वहीं कन्नड़ वर्जन के 2,498 टिकट बिक चुके हैं और इससे 54,363 डॉलर की कमाई हुई है. अमेरिकी थिएटर चेन में सिनेमार्क सबसे आगे है, जहां फिल्म के शोज के लिए करीब 98,128 डॉलर की बुकिंग हो चुकी है.

Advertisement

टॉक्सिक की इंडिया में कब शुरू होगी एडवांस बुकिंग?

भारत में फिल्म की एडवांस बुकिंग 21 अगस्त से शुरू होगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सुबह 6 बजे के स्पेशल शोज के टिकट 500 से 600 रुपये तक हो सकते हैं. रेगुलर शोज के टिकटों में भी 50 से 100 रुपये तक की बढ़ोतरी की संभावना है. अब देखना होगा कि 26 अगस्त को रिलीज होने वाली ‘टॉक्सिक' अमेरिका के बाद भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा तूफान खड़ा करती है.

यह भी पढ़ें: मोहम्मद रफी की आवाज, साहिर लुधियानवी के शब्द और एक बेटी का दर्द, 58 साल बाद भी दिल को चीर देता है ये गीत
 

Featured Video Of The Day
Exclusive: चंदा चोरी से लेकर वंदे मातरम् तक...धीरेन्द्र शास्त्री का बेबाक इंटरव्यू
Topics mentioned in this article
Yash
Toxic
Entertainment