बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की फिल्म 'मर्दानी 3' एक तरफ जहां बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, वहीं दूसरी ओर विवादों में भी घिरी हुई है. फिल्म पर आरोप है कि इसने अपने प्रमोशन के लिए दिल्ली में लापता लड़कियों और महिलाओं के मामलों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया है और इसके जरिए डर का माहौल बनाकर पेड प्रचार किया है. इन आरोपों पर पहले दिल्ली पुलिस और फिर यशराज फिल्म्स की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई. दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''हाल के दिनों में राजधानी में लापता लड़कियों को लेकर जो चर्चा और सनसनी फैलाई जा रही है, उसकी जांच की गई. जांच में कुछ ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे यह पता चला कि इस मुद्दे को पेड प्रमोशन के जरिए हवा दी जा रही थी. पैसे कमाने या प्रचार के लिए लोगों में डर और घबराहट फैलाना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.''
दिल्ली पुलिस की चेतावनी पर YRF का आया रिएक्शन
यशराज फिल्म्स के प्रवक्ता ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भी अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा, "यशराज फिल्म्स एक 50 साल पुरानी प्रतिष्ठित कंपनी है, जिसकी पहचान ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता से जुड़ी रही है. हम सोशल मीडिया पर चल रहे उन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं जिनमें कहा जा रहा है कि फिल्म 'मर्दानी 3' ने प्रचार के लिए जानबूझकर लापता लोगों जैसे संवेदनशील मुद्दे को सनसनीखेज बनाया है. कंपनी का ऐसे किसी भी प्रचार से कोई लेना-देना नहीं है. हमें पूरा भरोसा है कि प्रशासन जांच के बाद सच्चाई सभी के सामने रखेगा."
मर्दानी 3 के बारे में
'मर्दानी 3' मर्दानी फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी है. फिल्म की कहानी रानी मुखर्जी के किरदार शिवानी शिवाजी रॉय के इर्द-गिर्द घूमती है. वह एनआईए के साथ काम करती हैं और छोटी बच्चियों के लापता होने वाले मामलों की जांच करती हैं. जांच के दौरान पता चलता है कि इसके पीछे एक मानव तस्करी गिरोह है. इस फिल्म में रानी मुखर्जी, मल्लिका प्रसाद, जानकी बोड़ीवाला, अभिराज मीनावाला और प्रजेश कश्यप जैसे कलाकार हैं.
मर्दानी 3 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 8
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों की बात करें तो 8 दिनों में 28.05 करोड़ का कलेक्शन फिल्म ने हासिल कर लिया है. जबकि वर्ल्डवाइड आंकड़ा 41.1 करोड़ और इंडिया ग्रॉस 33.1 करोड़ हो गया है.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)