'यादव जी की लव स्टोरी' के विरोध से टूटी एक्ट्रेस प्रगति तिवारी, कहा- मेरी कोई गलती नहीं

'यादव जी की लवस्टोरी' को लेकर देश में विरोध शुरू हो चुका है. फिल्म पर एक वर्ग को निशाना बनाने और बहन-बेटियों की छवि को खराब करने का आरोप लग रहा है, लेकिन इसी बीच फिल्म में लीड रोल प्ले करने वाली प्रगति तिवारी विरोध से टूट गई हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
यादव जी की लव स्टोरी की हीरोइन हैं प्रगति तिवारी

'घूसखोर पंडत' के बाद 'यादव जी की लव स्टोरी' को लेकर देश में विरोध शुरू हो चुका है. फिल्म पर एक वर्ग को निशाना बनाने और बहन-बेटियों की छवि को खराब करने का आरोप लग रहा है, लेकिन इसी बीच फिल्म में लीड रोल प्ले करने वाली प्रगति तिवारी विरोध से टूट गई हैं. अभिनेत्री का कहना है कि उनका मकसद किसी वर्ग पर टिप्पणी करना नहीं था और न ही उन्होंने ऐसा कुछ फिल्म में किया है. प्रगति तिवारी का कहना है कि उन्होंने और उनके भाई ने जितनी भी वीडियो बनाई हैं, वे हमेशा पारिवारिक और कॉमेडी से भरी होती हैं. वीडियो में अभद्र शब्द तक का इस्तेमाल नहीं किया जाता है. 

प्रगति तिवारी ने जारी किया वीडियो 

उन्होंने वीडियो जारी कर कहा, "हमने कभी भी समाज, परिवार, या किसी वर्ग पर टिप्पणी नहीं की है. हमारी टीम में हर तरह के लोग हैं और हम सबका सम्मान करते हैं, लेकिन लोगों ने कुछ व्यूज के लिए इतना भला-बुरा कहा." अभिनेत्री ने आगे कहा है कि फिल्म बनाने से पहले ही यादव समाज से खूब सारा प्यार और सपोर्ट मिला है, लेकिन बिना फिल्म देखे किसी को लेकर पहले ही राय बना लेना गलत है.  

वीडियो देखने के लिए यहां करें क्लिक

'स्क्रिप्ट देख कर की हां'

प्रगति का कहना है कि फिल्म की स्क्रिप्ट बहुत अच्छी है और उनका किरदार महिलाओं को मजबूती से हर परिस्थिति में खड़े होने की हिम्मत देता है और यही सब देखकर ही उन्होंने फिल्म करने के लिए 'हां' की थी. अभिनेत्री ने ये भी कहा, "फिल्म का टाइटल बदलना उनके हाथ में नहीं है. ये मेकर्स के हाथ में है. लेकिन मेरी इसमें कोई गलती नहीं है. फिल्म में कुछ गलत नहीं है. मैं क्यों फिल्म के लिए मना करती, जबकि सब कुछ ठीक है?".

यह भी पढ़ें: फिल्म का नाम यादवजी की लव स्टोरी, लेकिन फिल्म में एक भी नहीं यादव एक्टर

बता दें कि 'यादव जी की लव स्टोरी' का अभी सिर्फ टीजर और कुछ गाने रिलीज हुए हैं. टीजर में सिंपल यादव यानी प्रगति तिवारी को एक शख्स के प्यार में दिखाया गया है, जो विशेष वर्ग से ताल्लुक रखता है, हालांकि इस बात से सिंपल भी अंजान है. इसके बाद टीजर में लव-जिहाद और सिंपल को बचाने की कहानी दिखाई गई है. यह बात सभी जानते हैं कि प्रगति तिवारी जानी-मानी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं. उनकी कॉमेडी वीडियो और कई म्यूजिक एल्बम भी रिलीज हो चुके हैं. प्रगति के छोटे भाई मृदुल तिवारी को बिग बॉस में भी देखा गया था. दोनों भाई-बहनों ने फेसबुक पर कॉमेडी वीडियो बनाकर करियर की शुरुआत की थी.
 

Featured Video Of The Day
India AI Impact Summit 2026 | भारत AI का नेचुरल हब बन रहा है: PM Modi