बॉलीवुड की सदाबहार अदाकारा रेखा की खूबसूरती और उनकी जिंदगी हमेशा से लोगों के बीच चर्चा का विषय रही है. उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब आज भी रहस्य बने हुए हैं. इन्हीं में से एक है उनकी मांग में नजर आने वाला सिंदूर. रेखा जब भी किसी फिल्मी समारोह या सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचती हैं, उनका सिंदूर लोगों का ध्यान खींच लेता है. आखिर वह किसके नाम का सिंदूर लगाती हैं? इस सवाल को लेकर सालों से तरह-तरह की चर्चाएं होती रही हैं. दिलचस्प बात यह है कि एक बार देश के राष्ट्रपति ने भी रेखा से यही सवाल पूछ लिया था. आइए जानते हैं क्या था पूरा किस्सा.
जब राष्ट्रपति ने रेखा से पूछ लिया सिंदूर लगाने का राज
रेखा की जिंदगी से जुड़े इस दिलचस्प किस्से का जिक्र यासिर उस्मान की किताब ‘रेखा: द अनटोल्ड स्टोरी' में मिलता है. दरअसल, यह वाकया राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का है. साल 1981 में फिल्म ‘उमराव जान' में शानदार अभिनय के लिए रेखा को बेस्ट एक्ट्रेस के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा था. उस समय देश के राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी थे.
जब रेखा पुरस्कार लेने के लिए मंच पर पहुंचीं, तो तत्कालीन राष्ट्रपति ने उनकी मांग में सिंदूर देखकर सवाल कर दिया कि आखिर वह सिंदूर क्यों लगाती हैं? इस पर रेखा ने बेहद सहज अंदाज में जवाब दिया था, ‘मैं जिस शहर से आती हूं, वहां मांग में सिंदूर लगाना आम बात है. यह एक फैशन है.' रेखा के इस जवाब ने उस समय भी लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी थी. हालांकि, उनके सिंदूर को लेकर आज तक कई तरह की अटकलें लगाई जाती हैं, लेकिन अभिनेत्री ने अपनी निजी जिंदगी के इस पहलू पर कभी खुलकर कुछ नहीं कहा.
इन फिल्मों से रेखा ने बनाई बॉलीवुड में खास पहचान
रेखा का फिल्मी सफर बेहद शानदार रहा है. उन्होंने अपने करियर में कई ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें आज भी याद किया जाता है. ‘नागिन' (1976), ‘मुकद्दर का सिकंदर' (1978), ‘मिस्टर नटवरलाल' (1979), ‘खूबसूरत' (1980), ‘उमराव जान' (1981) और ‘खून भरी मांग' (1988) जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहना मिली.
रेखा हमेशा से खुद को स्टार के बजाय एक एक्टर मानती आई हैं. उनके लिए फिल्म में किरदार की अहमियत ज्यादा रही है, न कि यह बात कि वह मुख्य भूमिका निभा रही हैं या नहीं. यही वजह है कि उन्होंने अपने करियर में कई अलग-अलग तरह के किरदारों के साथ प्रयोग किए. साल 1996 में आई फिल्म ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी' में उन्होंने नकारात्मक भूमिका निभाकर दर्शकों को चौंका दिया था. वहीं, साल 2006 में आई फिल्म ‘कृष' में वह एक दादी के किरदार में नजर आईं.
जब रेखा ने बताया था कि वह एक्टर नहीं बनना चाहती थीं
रेखा की जिंदगी का एक और दिलचस्प पहलू सिमी ग्रेवाल के चर्चित टॉक शो में सामने आया था. शो के दौरान जब उनसे पूछा गया कि भानुरेखा आखिर अपनी जिंदगी में क्या करना चाहती थीं, तो अभिनेत्री ने ऐसा जवाब दिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया. रेखा ने कहा था कि वह कभी अभिनेत्री नहीं बनना चाहती थीं. उनकी ख्वाहिश थी कि शादी करके अपना घर बसाएं. उन्होंने यह भी बताया था कि न जाने क्यों, लेकिन वह हमेशा से एक पारिवारिक जिंदगी का सपना देखती थीं.
रेखा कई मौकों पर यह स्वीकार कर चुकी हैं कि वह अपने दिल की बातें कभी खुलकर जाहिर नहीं कर पाईं. उनकी जिंदगी में कई ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब आज भी लोगों को नहीं मिल पाए हैं. इसके बावजूद वह लगातार खुद को नए अंदाज में पेश करती रहती हैं. इसका उदाहरण आईफा अवॉर्ड्स 2024 में देखने को मिला, जब उन्होंने करीब 24-25 मिनट तक शानदार नॉनस्टॉप परफॉर्मेंस देकर अपनी अदाओं और डांस से महफिल लूट ली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं