बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने 14 जनवरी को फिल्म इंडस्ट्री में अपने 26 साल पूरे कर लिए हैं. साल 2000 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म कहो ना…प्यार है से डेब्यू करने वाली अमीषा ने बेहद कम समय में अपनी खास पहचान बना ली थी. इस खास मौके पर अमीषा को उनके बिजनेस पार्टनर और कथित बॉयफ्रेंड कुणाल गूमर ने सोशल मीडिया के जरिए बधाई दी. कुणाल ने अमीषा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी गॉडफादर और बड़े नाम के सहारे बॉलीवुड में जो मुकाम हासिल किया है, वह काबिल-ए-तारीफ है.
कुणाल गूमर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहो ना… प्यार है का पोस्टर शेयर करते हुए अमीषा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसी कोई लड़की नहीं देखी, जिसने अकेले दम पर इतना कुछ हासिल किया हो. खास बात यह है कि अमीषा ने न तो किसी बड़े फिल्मी सरनेम का सहारा लिया और न ही किसी सुपरस्टार पति या बॉयफ्रेंड का.
कुणाल ने अमीषा के लिए लिखा पोस्ट
कुणाल ने अपने पोस्ट में लिखा, “इस जिंदगी में मैंने किसी ऐसे इंसान को नहीं देखा जिसने बिना किसी गॉडफादर, बिना किसी बड़े नाम और बिना किसी हीरो पति या बॉयफ्रेंड के इस इंडस्ट्री में इतना कुछ हासिल किया हो. अभी तो पिक्चर बाकी है मेरे दोस्त.” इस पोस्ट को अमीषा पटेल ने रीशेयर करते हुए कुणाल का धन्यवाद किया. उन्होंने लिखा, “थैंक यू मेरे सबसे प्यारे डायमंड. तुम्हारे और शम्मी के बिना यह सब मुमकिन नहीं था. हमेशा मेरा साथ देने के लिए शुक्रिया.”
कहो ना प्यार है से डेब्यू
गौरतलब है कि अमीषा पटेल ने 14 जनवरी 2000 को रिलीज हुई कहो ना… प्यार है से बॉलीवुड में कदम रखा था. इस फिल्म का निर्देशन राकेश रोशन ने किया था और इसी फिल्म से ऋतिक रोशन ने भी बॉलीवुड में डेब्यू किया था. फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया और यह हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो गई.
फिल्म में ऋतिक रोशन के डबल रोल और उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया, वहीं अमीषा पटेल की परफॉर्मेंस को भी दर्शकों ने खूब सराहा. फिल्म में अनुपम खेर, दलीप ताहिल, मोहनिश बहल, सतीश शाह और फरीदा जलाल जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. फिल्म की कहानी रोहित और सोनिया की प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें रोहित की रहस्यमयी मौत के बाद कहानी नया मोड़ लेती है. राजेश रोशन का म्यूजिक और एक पल का जीना, ना तुम जानो ना हम जैसे गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं.