बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर टॉम ऑल्टर सिर्फ अपनी शानदार एक्टिंग ही नहीं, बल्कि अपनी दिलचस्प पर्सनैलिटी और किस्सों के लिए भी जाने जाते थे. अंग्रेजों जैसी शक्ल, नीली आंखें और फ्लुएंट हिन्दी बोलने का उनका अंदाज लोगों को हमेशा हैरान कर देता था. अब उनसे जुड़ा एक पुराना किस्सा इन दिनों चर्चा में है, जिसे उनके बेटे जेमी ऑल्टर ने शेयर किया है. यह कहानी साल 1983 की है, जब टॉम ऑल्टर अमेरिका के रोड आइलैंड में फिल्म ‘रुखसत' की शूटिंग कर रहे थे. खास बात यह थी कि फिल्म में उनका किरदार न्यूयॉर्क पुलिस विभाग यानी NYPD के एक अफसर का था.
शूटिंग के बाद वेज खाने की खोज
बताया जाता है कि शूटिंग खत्म होने के बाद टीम के कुछ लोग वेज खाना ढूंढने निकले. काफी देर घूमने के बावजूद उन्हें कोई भारतीय रेस्टोरेंट नहीं मिला. आखिरकार वे एक छोटे से रेस्टोरेंट में पहुंचे, जहां बर्गर मिल रहे थे. टॉम ऑल्टर ने वहां मौजूद महिला से वेज बर्गर मांगा, लेकिन वो वेज बर्गर समझ ही नहीं पाई. इसपर टॉम ने कहा कि उनके साथियों के लिए बिना मांस वाला बर्गर यानि सिर्फ वेजिटेबल बर्गर बना दिया जाए. काफी समझाने के बाद वह महिला इसके लिए तैयार हुई. इसके बाद सभी लोग आराम से रेस्टोरेंट में बैठकर बातें और हंसी-मजाक करने लगे.
कुछ लोग टॉम को घूर रहे थे
रेस्टोरेंट में सबकुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोग लगातार टॉम ऑल्टर और उनकी टीम को घूर रहे थे. हालांकि टॉम को यह ज्यादा अजीब नहीं लगा, क्योंकि अक्सर लोग उनके अंग्रेजों की तरह गोरे चिट्टे चेहरे और हिन्दी बोलने के अंदाज को देखकर चौंक जाते थे. लेकिन असली कहानी तो तब सामने आई जब वे खाना खाकर लौटने के लिए टैक्सी में बैठे.
टैक्सी ड्राइवर ने बताया असली सच
टैक्सी ड्राइवर ने टॉम ऑल्टर से पूछा, “सर, क्या आप सच में पुलिस ऑफिसर हैं?” तभी टॉम को याद आया कि वे अभी भी NYPD की वर्दी पहने हुए हैं. उन्होंने हंसते हुए ड्राइवर को बताया कि वे असली पुलिस वाले नहीं, बल्कि एक अभिनेता हैं और शूटिंग के बाद जल्दी में सीधे खाना खाने चले आए थे.
टैक्सी ड्राइवर ने पूछा कि- “क्या आप जानते हैं कि आपने अभी-अभी किस जगह पर खाना खाया है..?” टॉम ने सहज भाव से कहा- “नहीं..” ड्राइवर ने कहा- “वो रेस्टोरेंट लोकल इटालियन माफिया चलाती हैं.. और वहां कोई कॉप घुसने की हिम्मत नहीं करता.. और आप पुलिस यूनिफॉर्म में न केवल अंदर गए.. बल्कि खाना खाकर बाहर भी आ गए.. वो भी जिंदा..”
टैक्सी ड्राइवर की बात सुनकर टॉम ऑल्टर को एहसास हुआ कि अनजाने में ही वे किस खतरे के छूकर चले आए थे. उस घटना के बाद टॉम कभी भी शूटिंग के कपड़ों में शहर में घूमने नहीं निकले. ये किस्सा आज भी उनके सबसे दिलचस्प अनुभवों में गिना जाता है.
ये भी पढे़ं- ऋतिक रोशन की बहन की मौत के डर ने बदली जिंदगी, शेयर की वेट लॉस ट्रांसफॉर्मेशन की चौंकाने वाली फोटो