अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें फिल्म देखते वक्त हर दस मिनट में नया ट्विस्ट चाहिए. या फिर जिनके लिए कहानी का असली मजा यह जानने में होता है कि आखिर आगे क्या होने वाला है, तो यह खबर आपके काम की है. अक्सर लोग अच्छी थ्रिलर फिल्में देखने के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का सब्सक्रिप्शन लेते हैं. लेकिन बहुत से मूवी लवर्स को शायद यह पता ही नहीं होता कि यूट्यूब पर भी ऐसी कई फिल्में मौजूद हैं जो सस्पेंस, रहस्य और डर का शानदार कॉम्बिनेशन दे सकती हैं. खास बात यह है कि इनमें से कई फिल्में बिना कोई अतिरिक्त पैसा खर्च किए देखी जा सकती हैं. अगर आपका मूड इस वीकेंड कुछ ऐसा देखने का है जो आपको आखिरी सीन तक बांधे रखे, तो यह लिस्ट आपके लिए है.
फोर ऑफ ए काइंड- बंद कमरे से शुरू होता है रहस्य
अगर आपको ऐसी कहानियां पसंद हैं जहां कुछ लोग एक जगह फंस जाते हैं और धीरे-धीरे उनके राज खुलने लगते हैं, तो "फोर ऑफ अ काइंड" आपकी वॉचलिस्ट में होनी चाहिए. कहानी चार किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन असली खेल उनके अतीत और आपसी रिश्तों का है. जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ती है, कहानी कई अजीब मोड़ लेती है.
ये भी पढ़ें: पहलाज निहलानी के अंतिम दर्शन करने श्मशान घाट पहुंचे बॉलीवुड सितारे, गोविंदा ने इस तरह जताया दुख
मेसविले- एक हादसा और बदले की कहानी
"मेसविल" एक छोटे शहर के बैकग्राउंड पर बनी फिल्म है. शुरुआत में यह एक साधारण ड्रामा जैसी लग सकती है, लेकिन आगे बढ़ते-बढ़ते इसमें सस्पेंस और इमोशनल कॉन्फ्लिक्ट दोनों बढ़ते जाते हैं. एक हादसा पूरी कहानी की दिशा बदल देता है. इसके बाद जो कुछ होता है, वही फिल्म को साधारण ड्रामा से अलग बनाता है.
नाइट इंटू डे- गुमशुदगी से खुलता है बड़ा राज
अगर आपको इंवेस्टिगेशन वाली थ्रिलर्स पसंद हैं तो "नाइट इंटू डे" दिलचस्प ऑप्शन हो सकता है. फिल्म की शुरुआत एक रहस्यमयी गुमशुदगी से होती है. लेकिन जांच आगे बढ़ती है तो मामला कहीं ज्यादा बड़ा और खतरनाक निकलता है. यह फिल्म धीरे-धीरे दर्शक को अपने जादू में बांध लेती है.
एज ऑफ डॉन- रात खत्म होने से पहले बचानी है जान
एज ऑफ डॉन में एक शख्स ऐसी जगह फंस जाता है जहां से निकलना आसान नहीं है. सुबह होने से पहले उसे अपनी जान बचाने और खतरों से बचकर निकलने की कोशिश करनी होती है. पूरी फिल्म में दर्शक इस तरह इंवॉल्व हो जाता है कि अपने आप को ही भूल जाता है.
लास्ट स्टॉप- डर किस चीज का है, यही नहीं पता
"लास्ट स्टॉप" कुछ ऐसे लोगों की कहानी है जो एक ऐसी चीज से डरे हुए हैं, जिसे उन्होंने ठीक से देखा तक नहीं है. आखिर उनका डर सच है या सिर्फ वहम, फिल्म इसी सवाल के इर्द-गिर्द घूमती है.
व्हेन यू आर गॉन- दुख, अकेलापन और रहस्यमयी घटनाएं
"व्हेन यू आर गॉन" में दुख और डर साथ-साथ चलते हैं. कहानी की शुरुआत एक ऐसे शख्स से होती है जिसने अपना सबसे करीबी इंसान खो दिया है. वह इस सदमे से उबरने की कोशिश कर ही रहा होता है कि उसके घर में कुछ अजीब और खौफनाक घटनाएं होने लगती हैं. यहीं से कहानी रहस्यमयी होती चली जाती है.
कोहैबिटेशन- रूममेट या खतरा?
"कोहैबिटेशन" इस लिस्ट की सबसे दिलचस्प फिल्मों में से एक मानी जा सकती है. कहानी दो रूममेट्स से शुरू होती है. शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन धीरे-धीरे शक पैदा होने लगता है कि दोनों में से एक व्यक्ति वैसा नहीं है जैसा दिखाई देता है. इसके बाद कहानी सस्पेंस और तनाव से भर जाती है.
हर थ्रिलर फिल्म का अपना अलग अंदाज होता है. कुछ फिल्में दिमाग घुमाने वाले ट्विस्ट के भरोसे चलती हैं, तो कुछ डर और तनाव का माहौल बनाकर दर्शकों को बांधे रखती हैं. इस लिस्ट की खास बात यह है कि यहां आपको दोनों तरह का अनुभव मिलेगा. अगर आप लंबे समय से ऐसी फिल्मों की तलाश में थे जो जेब पर बोझ डाले बिना अच्छा मनोरंजन दे सकें, तो यूट्यूब पर मौजूद ये फिल्में आपके अगले मूवी मैराथन का हिस्सा बन सकती हैं.