एसएस राजामौली की अगली फिल्म वाराणसी (Varanasi) को लेकर लगातार चौंकाने वाले अपडेट्स आ रहे हैं. अब फिल्म के लेखक विजयेन्द्र प्रसाद (राजामौली के पिता) ने फिल्म के सबसे बड़े रामायण सिक्वेंस का खुलासा किया है, जो दर्शकों के होश उड़ा देगा. विजयेंद्र प्रसाद बजरंगी भाईजान और बाहुबली के भी राइटर रहे हैं. वाराणसी में महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा की जोड़ी है. फिल्मी फोकस के ओपन हाउस में विजयेंद्र प्रसाद ने बताया कि फिल्म में रामायण से जुड़ा सीन है जो दर्शकों के होश उड़ा देगा. उन्होंने कहा कि ये सीन राम और कुंभकर्ण के युद्ध का है और जिसे देखकर वे खुद भी भौंचक्के रह गए थे.
वाराणसी में राम-कुंभकर्ण का युद्ध
वाराणसी मूवी के राइटर के. विजयेंद्र प्रसाद ने बताया, "आपने ट्रेलर में देखा ही होगा, राम और कुंभकर्ण, हनुमान की पूंछ पर रथ...मैं उसी सीन की बात कर रहा हूं. यह देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे." हालांकि फिल्म के राइटर ने इसके बाद कोई भी डिटेल देने से इनकार कर दिया. वैसे भी ट्रेलर में रामायण का कनेक्शन साफ झलका था. फैन्स इसे लेकर कई थ्योरी निकाल रहे हैं. ट्राइम ट्रैवल और मल्टीवर्स की बात भी कही जा रही है.
राम बने महेश बाबू ने उड़ा दिए थे राजामौली के होश
पिछले साल हैदराबाद में आयोजित इवेंट में राजामौली ने खुद बताया था कि महेश बाबू फिल्म के एक हिस्से में भगवान राम के रूप में दिखेंगे. राजामौली ने बताया था कि, "जब महेश राम के वेश में पहली बार आए, तो मेरे रोंगटे खड़े हो गए. महेश में कृष्ण का चार्म है और राम की शांति भी. मैंने उनका वो फोटो वॉलपेपर भी लगा लिया था, फिर हटा दिया ताकि कोई देख न ले." राजामौली को इस सीक्वेंस को शूट करने में 60 दिन लगे थे.
बाप बेटे की सुपरहिट जोड़ी
बाप-बेटे की जोड़ी यानी लेखक के.वी. विजयेन्द्र प्रसाद और निर्देशक एस.एस. राजामौली ने साथ मिलकर कई यादगार ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, जिनमें सिम्हाद्रि (2003), मगाधीरा (2009), ईगा (2012), बाहुबली: द बिगिनिंग (2015), बाहुबली 2: द कन्क्लूजन (2017), आरआरआर (2022) और अपकमिंग मूवी वाराणसी (2027) शामिल हैं. इन फिल्मों ने न सिर्फ भारतीय सिनेमा के रिकॉर्ड तोड़े बल्कि दुनियाभर में धमाल मचाया.
बता दें कि वाराणसी में महेश बाबू रुद्र के रोल में हैं जबकि प्रियंका चोपड़ा मंदाकिनी और पृथ्वीराज सुकुमारन कुंभ के किरदार में. वाराणसी फिल्म 2027 में रिलीज हो सकती है. वाराणसी का बजट 1300-1400 करोड़ के बीच बताया जा रहा है.